UP News: पंचायती राज विभाग का डिजिटल सशक्तिकरण की ओर एक और कदम

UP News: पंचायती राज विभाग का डिजिटल सशक्तिकरण की ओर एक और कदम
  • मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने नई कंप्यूटर लैब का किया उद्घाटन

UP News: उत्तर प्रदेश पंचायती राज विभाग के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने पंचायती राज प्रशिक्षण संस्थान (लखनऊ) में अत्याधुनिक कंप्यूटर लैब का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि ये विभाग ग्रामीण शासन की रीढ़ है और आज के डिजिटल युग में तकनीकी दक्षता बेहद आवश्यक है। इस आधुनिक कंप्यूटर लैब के माध्यम से हमारे अधिकारी और कर्मचारी डिजिटल रूप से अधिक सक्षम बनेंगे, जिससे विभाग के कार्यों में पारदर्शिता और गति दोनों आएंगी। हमारा लक्ष्य है कि ग्राम पंचायत स्तर तक डिजिटल सशक्तिकरण सुनिश्चित हो।

मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि पंचायती राज विभाग द्वारा स्थापित यह आधुनिक कंप्यूटर लैब विभाग की डिजिटल क्षमताओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। 60 कंप्यूटरों से सुसज्जित यह लैब विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए प्रशिक्षण एवं तकनीकी दक्षता का केंद्र बनेगी। इसका उद्देश्य विभाग के कार्यों को अधिक पारदर्शी, प्रभावी और समयबद्ध बनाना है, ताकि योजनाओं और कार्यक्रमों का क्रियान्वयन और भी कुशलतापूर्वक किया जा सके।

कर्मचारियों को दिया जायेगा प्रशिक्षण

इस नई लैब के माध्यम से कर्मचारियों को डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म, ई-गवर्नेंस, डेटा प्रबंधन और ऑनलाइन रिपोर्टिंग सिस्टम जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे न केवल विभाग की आंतरिक कार्यप्रणाली में सुधार होगा, बल्कि ग्राम पंचायत स्तर तक डिजिटल सशक्तिकरण की दिशा में ठोस प्रगति भी सुनिश्चित होगी। यह कंप्यूटर लैब विभाग के प्रशिक्षण कार्यक्रमों के संचालन के लिए एक केंद्रीय केंद्र के रूप में कार्य करेगी, जहां समय-समय पर विभिन्न तकनीकी व प्रशासनिक विषयों पर कार्यशालायें और प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाएंगे। इससे कर्मचारियों में नई तकनीकी जानकारियां विकसित होंगी और डिजिटल कार्यसंस्कृति को प्रोत्साहन मिलेगा।

वहीं अमित कुमार सिंह (निदेशक, पंचायती राज विभाग) ने कहा कि यह कंप्यूटर लैब विभागीय प्रशिक्षण एवं क्षमता निर्माण की दिशा में एक बड़ा कदम है। इससे अधिकारियों और कर्मचारियों को आधुनिक तकनीकी उपकरणों के उपयोग में दक्षता प्राप्त होगी और ई-गवर्नेंस को जमीनी स्तर तक सशक्त बनाने में सहायता मिलेगी।

Post Comment

You May Have Missed