UP: लखनऊ-कानपुर समेत 19 जिलों में तेज आंधी के साथ बारिश, तीन शहरों में गिरे ओले

UP: लखनऊ-कानपुर समेत 19 जिलों में तेज आंधी के साथ बारिश, तीन शहरों में गिरे ओले

लखनऊ: उत्‍तर प्रदेश में गुरुवार को अचानक मौसम बदल गया है। लखनऊ-कानपुर सहित 19 शहरों में बारिश हो रही है। बहराइच, लखीमपुर खीरी और पीलीभीत में ओले गिरे हैं। हजारों बीघा फसल खराब हो गई है। लखनऊ में सुबह 8 बजे दिन में अंधेरा छा गया। इसके बाद से तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश हो रही है।

शहर में बारिश के चलते सड़कों के किनारे पानी भर गया है। कॉलोनियों की बिजली गुल हो गई है। छतों पर रखे गमले तेज हवा में नीचे गिर गए। आसमान में लगातार बिजली चमक रही है। कानपुर में भी ऐसा ही हाल है। यहां भी पहले अंधेरा छाया, फिर जोरदार बारिश शुरू हो गई।

फिरोजाबाद में बिजली गिरने से महिला की मौत

बारिश का यह सिलसिला बुधवार शाम से शुरू हुआ, जो अब तक जारी है। फिरोजाबाद में आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला की मौत हो गई है। बहराइच में इतने ओले गिरे कि सड़कों पर चादर सी बिछ गई। लखीमपुर में आंधी के कारण 300 गांवों की बिजली भी गुल हो गई।

इन जिलों में हो रही बारिश

लखनऊ, कानपुर, कन्नौज, कानपुर देहात, उन्नाव, मथुरा, अयोध्या, इटावा, बदायूं, गोरखपुर, गोंडा, श्रावस्ती, जालौन, बहराइच, बाराबंकी, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, संत कबीरनगर, फतेहपुर और हाथरस में बारिश हो रही है। ज्यादातर जिलों में पहले आंधी आई, फिर बारिश शुरू हो गई। बरेली में मौसम ने करवट बदल ली है। रात को आंधी आने के बाद से तेज हवाएं चल रही हैं। सुबह से धूप नहीं निकली है। आसमान में बादल छाए हैं।

18 जिलों में हीटवेव का अलर्ट

वहीं, मौसम विभाग ने 18 जिलों में हीट वेव (लू) का अलर्ट जारी किया है। बुधवार की बात करें तो झांसी सबसे गर्म शहर रहा। यहां का अधिकतम तापमान 42.3°C रिकॉर्ड किया गया। मुरादाबाद सबसे ठंडा शहर रहा। यहां का न्यूनतम तापमान 20.8°C रिकॉर्ड किया गया। आगरा के ताजमहल में गर्मी को देखते हुए विदेशी टूरिस्टों के लिए 50 कूलर लगाए गए हैं।

Post Comment

You May Have Missed