TMC सांसद मिताली की कार पर हमला, तीन आरोपी अरेस्ट; दूसरे चरण का चुनाव प्रचार थमा
कोलकाता: पश्चिम बंगाल के हुगली में सोमवार (27 अप्रैल) को टीएमसी सांसद मिताली बाग की कार पर हमला हुआ। हमला उस समय हुआ, जब मिताली बाग गोगहाट से आरामबाग में अभिषेक बनर्जी के रोड शो में शामिल होने जा रही थीं। हमले में कार के शीशे टूट गए। सांसद और उनके ड्राइवर को चोट आई है। दोनों को आरामबाग मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हमले के बाद कैमरे के सामने मिताली बाग फूट-फूटकर रो पड़ीं। उन्होंने कहा, ‘मेरी गाड़ी की हालत देखिए। उन लोगों ने बड़े-बड़े पत्थर फेंके। मैं किसी तरह जान बचाकर निकली हूं।’ वहीं, TMC का आरोप है कि भाजपा समर्थकों ने गोगहाट में सांसद की गाड़ी पर ईंट-पत्थर और लाठियों से हमला किया।
तीन आरोपी गिरफ्तार
टीएमसी ने X पर पोस्ट कर कहा- ‘गृह मंत्री अमित शाह ने धमकी दी थी कि जो भी घर से बाहर निकलेगा, उसे उल्टा लटका दिया जाएगा। उसी के बाद यह हमला हुआ।’ पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान सिंतु संत्रा, सनातन संत्रा और राजकुमार रॉय के रूप में की गई है। दावा है कि तीनों भाजपा कार्यकर्ता हैं।
पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार थमा
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए आज शाम 6 बजे से चुनाव प्रचार थम गया है। अब 142 सीटों पर 29 अप्रैल को मतदान होने तक किसी भी तरह की रैली या सभा नहीं की जा सकेगी।
The silence period begins today at 6 PM for 142 Assembly Constituencies (ACs) of West Bengal going to poll in Phase 2 of #WestBengalElections2026
Polling is scheduled for April 29, 2026.
During this time, the display of election matter and exit polls is strictly prohibited.… pic.twitter.com/csk8CBI9m0
— Election Commission of India (@ECISVEEP) April 27, 2026
कलकत्ता हाईकोर्ट ने बाइक रैली और ग्रुप राइडिंग पर रोक लगाई
कलकत्ता हाईकोर्ट ने दूसरे चरण के चुनाव से पहले बाइक रैली और ग्रुप में बाइक चलाने पर रोक लगा दी है। कोर्ट ने निर्देश दिया है कि मतदान से दो दिन पहले और 29 अप्रैल को मतदान के दिन इस तरह की गतिविधियां पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगी।
डिवीजन बेंच ने पहले के आदेश में संशोधन करते हुए “ग्रुप में बाइकिंग” को भी प्रतिबंध में शामिल किया है। ऑफिस जाने वाले लोग, ऐप-आधारित सेवाएं और परिवार के साथ मतदान के लिए जाने वालों को छूट दी गई है।



Post Comment