उत्तर प्रदेश, राजनीति

लखनऊ से रवाना होगा हज यात्रियों का पहला जत्था, हज सुविधा ऐप से इमरजेंसी में मिलेगी मदद

लखनऊ से रवाना होगा हज यात्रियों का पहला जत्था, हज सुविधा ऐप से इमरजेंसी में मिलेगी मदद

लखनऊ: उत्‍तर प्रदेश की राजधानी से हज यात्रियों का पहला जत्था बुधवार (22 अप्रैल) को रवाना होगा, जिसमें 427 हाजी शामिल होंगे। सरोजनीनगर स्थित मोहम्मद अली मियां हज कमेटी ऑफ इंडिया हज हाउस में हज यात्री पहुंचने लगे हैं। यहां से अल्पसंख्यक कल्याण कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर और अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री दानिश आजाद हरी झंडी दिखाकर उन्हें रवाना करेंगे।

हज यात्रियों को विदा करने उनके परिजन भी हज हाउस पहुंच रहे हैं। कई हज यात्रियों के बच्चे और परिजन उन्हें विदा करते हुए फूट-फूटकर रो रहे हैं। हालांकि, उनका कहना है कि यह खुशी केआंसू हैं। मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि हज यात्रियों को बेहतर सुविधा मिले।

स्‍वास्‍थ्‍य व्‍यवस्‍था का पूरा इंतजाम

इस साल गर्मी के कारण लखनऊ हज हाउस से लेकर मक्का-मदीना तक स्वास्थ्य व्यवस्था का पूरा इंतजाम किया गया है। हज की तैयारी के सिलसिले में उत्तर प्रदेश हज कमेटी का डेलिगेशन सऊदी अरब भी गया था। वहां तमाम सुविधाओं की जांच करके आया है। हज यात्रियों के साथ डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ भी रहेंगे। समस्या होने पर तुरंत उनका इलाज किया जाएगा। उन्हें गाइड करने के लिए हज सुविधा ऐप (Haj Suvidha App) है। इसमें SOS बटन है। इसका प्रयोग स्वास्थ्य सुविधा और इमरजेंसी के लिए किया जा सकता है। वीडियो या ऑडियो के माध्यम से बीमारी की जानकारी दी जा सकेगी। इसे ट्रैक कर मेडिकल टीम उपचार के लिए पहुंच जाएगी।

हम हज पर नहीं जा पा रहे हैं, इसका हमें दिल से अफसोस है

सपा के पूर्व विधायक इरफान सोलंकी ने कहा कि हमारे चार भाई हज यात्रा पर जा रहे हैं। यही उम्मीद है कि अल्लाह हमें भी बुलाए। हम भी हज यात्रा पर जाना चाहते थे, मगर हमारा पासपोर्ट बंद (निलंबित) है। तमाम हज यात्रियों से हमने दुआ के लिए कहा है कि हमारे लिए दुआ करें पासपोर्ट खुल जाए और हम हज पर जाएं। हमने देश में अमन शांति, भाईचारा की दुआ के लिए अपील की है।

हज को पूरा करने के लिए चुनौतियां भी जरूरी हैं

इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया के प्रवक्ता मौलाना सुफियान ने कहा कि जो लोग भी हज पर जा रहे हैं, बहुत ही मुबारकबाद के काबिल हैं। 40 दिन का यह सफर होता है। लोग सऊदी अरब के शहर मक्का और मदीना में वक्त गुजारते हैं। इस्लाम के अनुसार कार्यों को करके अपना हज पूरा करते हैं। इन 40 दिन में बहुत सी चुनौतियां आती हैं। हज को पूरा करने के लिए ये चुनौतियां भी जरूरी हैं।

मंच पर मंत्री और अन्य लोग पहुंचे

हज हाउस में आयोजित कार्यक्रम के मंच पर राज्य मंत्री व हज कमेटी के अध्यक्ष दानिश आजाद, ऑल इंडिया इमाम एसोसिएशन के अध्यक्ष मौलाना उमैर इलयासी, शिया धर्म गुरु मौलाना यासूब अब्बास, इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया के प्रवक्ता मौलाना सूफियान निजामी, शिया चांद कमेटी के अध्यक्ष मौलाना सैफ अब्बास, हज सचिव एसपी तिवारी समेत हज कमेटी के तमाम सदस्य मौजूद हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *