लखनऊ में हीट वेव का अलर्ट, घरों से छाता लेकर निकल रहे लोग; इस दिन से बदलेगा मौसम
लखनऊ: राजधानी में बुधवार सुबह से मौसम साफ है और तेज धूप निकली है। तपिश जैसे हालात हैं। मौसम विभाग ने हीट वेव का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आज लखनऊ का अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री के आसपास रहेगा। मंगलवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री रहा। यह सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री रहा। यह सामान्य से 1.4 डिग्री अधिक रहा। अधिकतम आर्द्रता 50 फीसदी और न्यूनतम आर्द्रता 12 फीसदी रही।
मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश में गर्मी का प्रकोप अभी जारी रहेगा। 25 अप्रैल तक राज्य के कई इलाकों में लू चलने की संभावना है। तेज हवाओं के कारण कुछ जगहों पर तापमान में हल्की गिरावट देखी गई है। फिलहाल लू का असर हरदोई तक सीमित रहा है। आने वाले दिनों में मौसम सामान्य रहेगा। तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे गर्मी और तेज महसूस होगी।
26 अप्रैल से होगा मौसम में बदलाव
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 26 अप्रैल से मौसम में थोड़ा बदलाव शुरू होगा। बादल आने लगेंगे। 27 अप्रैल को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। इससे तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आएगी। लू से कुछ राहत मिलेगी, लेकिन गर्मी सामान्य से अधिक बनी रहेगी।
इन 30 जिलों में लू की चेतावनी
पीलीभीत, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, गोंडा, बस्ती, संत कबीर नगर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया, आज़मगढ़, मऊ, बलिया, गाजीपुर, जौनपुर, वाराणसी, चंदौली, मिर्जापुर, सोनभद्र, प्रयागराज, प्रतापगढ़, अमेठी, अंबेडकर नगर, सुल्तानपुर, अयोध्या और आसपास के इलाके।



Post Comment