मोदी-योगी की अपील पर आवास से पैदल ऑफिस पहुंचे बरेली डीएम, हफ्ते में दो दिन रहेगा ‘नो व्हीकल डे’

मोदी-योगी की अपील पर आवास से पैदल ऑफिस पहुंचे बरेली डीएम, हफ्ते में दो दिन रहेगा ‘नो व्हीकल डे’

बरेली: पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ की अपील के बीच जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने ईंधन की बचत और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक शानदार मिसाल पेश की है। उन्होंने न केवल अपने काफिले से एस्कॉर्ट वाहनों को हटा दिया है, बल्कि जिले में ‘नो व्हीकल डे’ की भी शुरुआत की है। इस पहल के जरिए प्रशासनिक अमले में ईंधन की बर्बादी रोकने और संसाधनों के सही उपयोग का संदेश दिया गया है।

इस मुहिम की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि डीएम अविनाश सिंह ने खुद इसकी शुरुआत की। वे अपने अर्दली, हमराही और सुरक्षा गार्डों के साथ आवास से कलेक्ट्रेट तक पैदल चलकर कार्यालय पहुंचे। उन्‍होंने स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन के सभी अधिकारी अब ईंधन बचाने के लिए अपनी पूरी ऊर्जा लगाएंगे। उनके इस कदम की चर्चा पूरे जनपद में हो रही है, जिसे राष्ट्रहित और जनहित में एक बड़ा बदलाव माना जा रहा है।

हफ्ते में दो दिन ‘नो व्हीकल डे’

नई रणनीति के तहत अब बरेली में सप्ताह में दो दिन ‘नो व्हीकल डे’ मनाया जाएगा। इन दो दिनों में जिले के सभी आला अधिकारी अपने निजी या सरकारी वाहनों का उपयोग नहीं करेंगे। इसके बजाय वे साइकिल से या पैदल ही अपने दफ्तर पहुंचेंगे। डीएम के अनुसार, इससे न केवल सरकारी खजाने पर ईंधन का बोझ कम होगा और पर्यावरण सुरक्षित रहेगा, बल्कि अधिकारियों की सेहत में भी सुधार होगा।

सिर्फ दफ्तर ही नहीं, बल्कि फील्ड विजिट के लिए भी नए नियम लागू किए गए हैं। अब तहसील दिवस, समाधान दिवस या चौपाल जैसे कार्यक्रमों में जाने के लिए अधिकारी अलग-अलग गाड़ियों से नहीं जाएंगे। इसके लिए सरकारी बस या ई-बैटरी संचालित वाहनों का सामूहिक रूप से इस्तेमाल किया जाएगा।

सभी विभागों को कड़े निर्देश

जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने जनपद के सभी विभागों को कड़े निर्देश दिए हैं कि शासन की इस मंशा का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए, जिससे आम जनता के बीच एक सकारात्मक संदेश पहुंचे।

Post Comment

You May Have Missed