UP में आंधी-तूफान, राजस्थान में गर्मी का रेड अलर्ट; हीटवेव की चपेट में MP

UP में आंधी-तूफान, राजस्थान में गर्मी का रेड अलर्ट; हीटवेव की चपेट में MP

नई दिल्‍ली: उत्तर प्रदेश राज्‍य के प्रयागराज और अयोध्या सहित 30 जिलों में बुधवार को आंधी और तूफान की वजह से कई लोगों की मौत हो गई। सबसे ज्यादा 17 मौतें प्रयागराज और 16 मौतें भदोही में हुईं। यहां 80 KMPH की रफ्तार से आंधी चली, बरेली में एक युवक टीनशेड समेत हवा में उड़ गया।

आज 51 जिलों में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट है। राजस्थान में भी तेज गर्मी और हीटवेव का असर है। बुधवार को लगातार चौथे दिन राज्य का जैसलमेर देश का सबसे गर्म शहर रहा, यहां 46.1°C तापमान रहा। मौसम विभाग के अनुसार, आज आज बीकानेर, जोधपुर, जैसलमेर और बाड़मेर में तेज गर्मी का रेड अलर्ट है। 13 जिलों में हीटवेव की चेतावनी है।

MP के 25 से ज्‍यादा जिलों में हीटवेव

वहीं, मध्य प्रदेश के 25 से ज्यादा जिलों में हीटवेव चल रही है, जो 18 मई तक जारी रह सकती है। बुधवार को खजुराहो में तापमान 45.4°C रहा। आज इंदौर, उज्जैन, धार और रतलाम में हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट है। इन जिलों में वार्म नाइट का भी अलर्ट है। इधर, हरियाणा के अधिकतम तापमान में पिछले 24 घंटे में 1.1°C बढ़ोतरी हुई। राज्य के 5 शहरों में 40°C से ज्यादा रहा, इनमें नारनौल 42.5°C रहा। राज्य में 17 मई से हीटवेव का यलो अलर्ट है। बिहार के पूर्णिया-कटिहार समेत 7 जिलों में आज तेज बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में आज बारिश का यलो अलर्ट है।

अगले दो दिन मौसम का हाल

15 मई: राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी हीटवेव का अनुमान है। झारखंड में कुछ जगहों पर 50-60kmph की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ आंधी चल सकती है। बिहार, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, केरल और कर्नाटक में तेज हवाओं और बिजली के साथ गरज-चमक हो सकती है।

16 मई: पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और पश्चिमी यूपी में बारिश, तेज हवाएं चल सकती हैं। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में बारिश के साथ ओले गिर सकते है। पहाड़ी इलाकों में तेज हवाएं भी चल सकती हैं। बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ और पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश के साथ बिजली गिरने का अलर्ट है।

Post Comment

You May Have Missed