Lucknow: केजीएमयू के Hostels में अब नहीं पकेगा नॉनवेज
Lucknow: किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। दरअसल, केजीएमयू के सभी 18 हॉस्टल मेस में नॉन-वेज खाना पकाने और परोसने पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है। हालांकि, छात्र अपनी व्यक्तिगत पसंद के अनुसार बाहर से नॉन-वेज खाना ऑर्डर कर सकेंगे या स्वयं बना सकेंगे। बता दें कि यूपी की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के हालिया निरीक्षण और निर्देशों के बाद ये फैसला लिया गया है। केजीएमयू के प्रवक्ता प्रो. केके सिंह के अनुसार, राज्यपाल ने हॉस्टलों के निरीक्षण के दौरान नॉन-वेज पकाने वाली जगहों पर साफ-सफाई की कमी पर नाखुशी जताई थी। इसके बाद स्टूडेंट वेलफेयर के डीन और चीफ प्रॉक्टर की सहमति से ये आदेश जारी किया गया है।
दीक्षांत समारोह में पहुंचीं थीं आनंदी बेन पटेल
बता दें कि राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने सोमवार को संस्थान के दीक्षांत समारोह छात्रों को संबोधित किया था। इस दौरान उन्होंने कहा था कि जन भवन सचिवालय की एक टीम ने यूनिवर्सिटी की इमारतों के निरीक्षण के दौरान तीन हॉस्टलों में नॉन-वेज खाना बनते हुए पाया, लेकिन उन्होंने इस पर रोक लगाने का आदेश नहीं दिया। गवर्नर ने खाने की क्वॉलिटी को लेकर चिंता जताई और कहा कि 500 से ज्यादा स्टूडेंट्स वाले हॉस्टल्स के इंस्पेक्शन में दो मेस में एक्सपायर्ड मसाले इस्तेमाल होते पाए गए। उन्होंने इसे गंभीर चूक बताया। साथ ही विवि प्रशासन से कहा कि वे निगरानी बढ़ाएं। खाने की क्वॉलिटी बेहतर करें और यह पक्का करें कि स्टूडेंट्स को अच्छी क्वॉलिटी का खाना मिले।



Post Comment