सीएम योगी ने गोरखपुर से की पौधरोपण अभियान की शुरुआत, पेड़ के साथ ली सेल्फी
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में रविवार को 35 करोड़ पौधे लगाए जाएंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज सुबह 8:30 बजे गोरखपुर से ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की शुरुआत की। उन्होंने गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे के पास नीम, पीपल और बरगद के पौधे लगाए। पौधारोपण के बाद सीएम ने आसमान में गुब्बारे भी छोड़े और आईफोन से सेल्फी ली।
मुख्यमंत्री ने कहा- ‘एक पेड़ मां के नाम पर लगाइए। सिर्फ पौधे लगाना ही नहीं, उन्हें बचाना भी हमारी जिम्मेदारी है। इस साल मानसून करीब एक महीना देर से आया, जिससे खेती प्रभावित हुई है। मौसम का स्वरूप बदल रहा है। गर्मी-सर्दी चरम पर पहुंच रही है। दुनिया में ग्लोबल वार्मिंग को लेकर लगातार चेतावनी दी जा रही है।’
गैस चैंबर बनते जा रहे कई शहर
सीएम योगी ने कहा- समुद्र किनारे बसे कई शहरों पर खतरा मंडरा रहा है। कई शहर गैस चैंबर बनते जा रहे। बीमार-बुजुर्गों को घर से बाहर न निकलने की सलाह देनी पड़ती है। यह सब अंधाधुंध पेड़ काटने और जल स्रोतों को नष्ट करने का नतीजा है। इसकी कीमत पूरी मानवता चुका रही है।
प्रदेश में पिछले साल भी सरकार ने अभियान चलाकर 35 करोड़ पौधे लगवाए थे, लेकिन इस बार एक ही दिन में 35 करोड़ पौधे लगाने का टारगेट रखा गया है। अगर यह टारगेट पूरा हुआ तो 24 घंटे में सबसे ज्यादा पौधे लगाने का रिकॉर्ड बनेगा। अभी सुबह 11 बजे तक 13 करोड़ पौधे लगाए जा चुके हैं।
योगी बोले- 9 सालों में 242 करोड़ पौधे लगाए गए
सीएम ने कहा कि पिछले 9 सालों में प्रदेश में 242 करोड़ पौधे लगाए गए। उज्ज्वला योजना के तहत देश में 10 करोड़ परिवारों को मुफ्त रसोई गैस कनेक्शन दिए गए। इससे माताओं-बहनों को धुएं से राहत मिली और आंखों व सांस की बीमारियों से बचाव हुआ।
उन्होंने कहा कि आज एक ही दिन में 35 करोड़ पौधे लगाने का बड़ा अभियान चलाया जा रहा है। जब मैं आपसे बात कर रहा हूं, तब तक 5 करोड़ पौधे लगाए जा चुके हैं। दिनभर यह अभियान चलता रहेगा। ईश्वर की कृपा है कि पौधारोपण के साथ बारिश भी हो रही है। याद रखिए, केवल पौधे लगाना ही नहीं, उन्हें बचाना भी हमारी जिम्मेदारी है। सिंगल यूज प्लास्टिक से भी मुक्ति पानी होगी। सभी लोग इस अभियान का हिस्सा बनें। अपने परिवार और पूर्वजों की स्मृति में एक पौधा लगाएं, उसकी देखभाल करें और धरती माता के स्वास्थ्य का भी ध्यान रखें।
कांग्रेस सरकार में गैस कनेक्शन 1 लाख रुपए तक में ब्लैक होते थे
मुख्यमंत्री ने कहा- 2017 में डबल इंजन की सरकार बनने के बाद प्रदेश में पुरानी स्ट्रीट लाइट हटाकर एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाने का अभियान चलाया गया। उत्तर प्रदेश में 16 लाख एलईडी लाइटें लगाई गईं। इससे प्रदेश को 100 करोड़ रुपए की बचत हुई और कार्बन उत्सर्जन में भी काफी कमी आई। देश में 10 करोड़ परिवारों को उज्ज्वला योजना के तहत मुफ्त रसोई गैस कनेक्शन दिए गए।
कांग्रेस सरकार के समय गैस कनेक्शन 50 हजार से 1 लाख रुपये तक में ब्लैक होते थे। इस योजना से माताओं-बहनों को धुएं से राहत मिली और आंखों और सांस की बीमारियों से बचाव हुआ। उत्तर प्रदेश में 2 करोड़ परिवारों को इसका लाभ मिला। अयोध्या धाम प्रदेश की पहली सोलर सिटी बनी है।
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) July 12, 2026
अंधाधुंध पेड़ काटे गए, इसकी कीमत मानवता चुका रही
सीएम योगी ने कहा- उत्तर प्रदेश में सड़कों का लंबा जाल बिछा है। विकास का काम तेजी से हुआ है। सबसे अधिक भौतिक विकास में योगदान देने वाले राज्यों में यूपी शामिल है। इसके साथ ही वन क्षेत्र बढ़ाने में भी उत्तर प्रदेश ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है। एक वर्ष में लगाए गए पौधों से अनुमानित 4 लाख 30 हजार 873 टन कार्बन डाइऑक्साइड का अवशोषण हुआ। 3 लाख 13 हजार 373 टन ऑक्सीजन का उत्सर्जन हुआ। साथ ही 2 लाख 19 हजार 61 लाख लीटर ऑक्सीजन का उत्पादन इन वृक्षों से हुआ।
उन्होंने कहा कि पिछले 9 वर्षों के वृक्षारोपण से 6 करोड़ 37 लाख 74 हजार 130 टन कार्बन डाइऑक्साइड का अवशोषण, 1 करोड़ 90 लाख टन कार्बन का संचयन और 4 करोड़ टन से अधिक ऑक्सीजन का उत्सर्जन हुआ। इस साल मानसून करीब एक महीना देर से आया है। इससे खेती भी प्रभावित हुई है और उत्पादन 15 से 20 प्रतिशत तक कम हो सकता है।
समुद्र किनारे बसे शहरों पर खतरा
योगी ने कहा कि मौसम का स्वरूप बदल रहा है। गर्मी और सर्दी, दोनों चरम पर पहुंच रही हैं। दुनिया में ग्लोबल वार्मिंग को लेकर लगातार चेतावनी दी जा रही है। समुद्र किनारे बसे कई शहरों पर खतरा मंडरा रहा है। कई शहर गैस चैंबर बन जाते हैं, जहां बीमार और बुजुर्गों को घर से बाहर न निकलने की सलाह देनी पड़ती है। यह सब इसलिए हुआ, क्योंकि अंधाधुंध पेड़ काटे गए और जल स्रोतों को नष्ट कर दिया गया। इसकी कीमत पूरी मानवता चुका रही है।
रवि किशन बोले- मैं कलाकार, महाराज जी बहुत बड़े कलाकार
सांसद रवि किशन ने कहा कि मैं कलाकार हूं। महाराज जी बहुत बड़े कलाकार हैं। वह आर्किटेक्ट हैं। उनके विजन के चलते ही हम यह सुंदरता देख रहे हैं। पिछली सरकार गीडा में कब्रिस्तान के लिए जमीन खोज रही थी, जबकि यह सरकार रोजगार देने का काम कर रही है।
वन मंत्री बोले- पिछले 10 साल में 275 करोड़ पेड़ लग चुके होंगे
वन एवं पर्यावरण मंत्री स्वतंत्र प्रभार डॉ. अरुण सक्सेना ने कहा कि आज शाम तक 35 करोड़ पेड़ उत्तर प्रदेश में लग चुके होंगे। पिछले 10 साल में 275 करोड़ पेड़ लग चुके होंगे। यह वर्ल्ड रिकार्ड है। मामूली बात नहीं है। हमें एक पेड़ मां के नाम लगाना है। जब आप पेड़ लगाइए तो अपनी मां की स्मृति कर लेना। इसकी रक्षा भी करते रहें।
उन्होंने कहा कि हम बहुत जल्दी ही गोरखपुर में एक वानिकी विश्वविद्यालय की शुरूआत जल्दी ही करेंगे। हम मिशन छाया पर जोर देंगे। सड़क के अंदर फूलदार व छायादार पेड़ लगाए जाएं। घरों के पास फलदार वृक्ष लगाएंगे। कपि वन लगाएंगे, जहां वंदरों व अन्य जानवरों के खाने की कमी न हो। 30 प्रतिशत फलदार पेड़ लगाए जाएंगे।
रक्षाबंधन पर भी पेड़ लगाने की अपील
वन मंत्री ने कहा- रक्षाबंधन के पर्व पर भी भाई-बहन के प्रेम के प्रतीक पेड़ लगाएंगे। शिक्षक दिवस पर एक पेड़ गुरु के नाम पर लगाएंगे। पेड़ जनसहभागिता से लग रहे हैं। युवा जिस काम पर निकल आएगा वह पूरा जरूर होगा। मैं सभी नौजवानों से अपील करूंगा कि एक पेड़ फलदार अपने घर पर जरूर लगाओ।
उन्होंने कहा कि किसान अपने खेत के मेड़ पर टिम्बर लगाएं। शहर के लोग घर के पास पार्क में लगाएं। पेड़ की सुरक्षा का ख्याल जरूर रखें। नदियों के किनारे पेड़ लगाने होंगे। मुख्यमंत्री ने इसका विशेष निर्देश दिया है कि सड़कों के किनारे, नदियों के किनारे पेड़ लगाएं।
सीएम योगी ने वानिकी वीडियो का विमोचन किया
मुख्यमंत्री ने वानिकी वीडियो और कैलेंडर का विमोचन किया गया। मुख्यमंत्री ने पौधे का वितरण किया। इस दौरान महिलाओं को सहजन का पौधा दिया।



Post Comment