यूपी के पांच शहरों में बारिश, खेत में निकला 10 फीट का मगरमच्छ; 33 जिलों में अलर्ट
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में शनिवार देर रात गोरखपुर, गोंडा, बहराइच, देवरिया सहित पांच शहरों में तेज बारिश हुई। रविवार सुबह लखनऊ, कानपुर, बाराबंकी समेत ज्यादातर शहरों में बादल छाए रहे। हालांकि, साढ़े 8 बजते-बजते धूप निकल आई।
आज 33 जिलों में बारिश का अलर्ट है। पूर्वांचल और तराई वाले जिलों में भारी बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में यूपी के 64 शहरों में औसतन 10.3 मिमी बारिश हुई। आमतौर पर 10.4 मिमी बारिश होनी चाहिए थी। सबसे ज्यादा 63.8 मिमी बारिश सुल्तानपुर, 62.5 मिमी. बाराबंकी में रिकॉर्ड हुई।
यूपी में नदी-नाले उफान पर
पहाड़ों पर हो रही भारी बारिश की वजह से यूपी में नदी-नाले उफान पर हैं। प्रयागराज में गंगा का जलस्तर बढ़ने लगा है। बिजनौर में मालन नदी का पानी पुल के ऊपर से बह रहा है। महोबा में शनिवार देर रात 11 बजे बारातियों की बोलेरो कार नाले में गिर गई। कार में दूल्हे के पिता समेत 6 बाराती सवार थे। आसपास मौजूद लोगों ने नाले में कूदकर उनकी जान बचाई।
मेरठ में दिन में कई बार हुई तेज बारिश की वजह से अंडरपास में 10 फीट पानी भर गया। इस दौरान एक तांगा डूब गया। युवक और घोड़े की मौत हो गई। एटा में धान के खेत में 10 फीट लंबा मगरमच्छ निकला। गांववालों ने वन विभाग की मदद से उसे पकड़ा।
मानसूनी बारिश पर लग सकता है ब्रेक
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि फिलहाल मानसून के कमजोर पड़ने के संकेत मिल रहे हैं। यह पूरी तरह सामान्य और अस्थायी स्थिति है। जैसे ही बंगाल की खाड़ी या अन्य क्षेत्रों में नया मौसमी सिस्टम सक्रिय होगा, बारिश की गतिविधियां तेज होंगी। फिलहाल पश्चिमी यूपी में अगले एक हफ्ते तक मानसूनी बारिश पर ब्रेक लग सकता है। तेज धूप, बढ़ते तापमान और उमस लोगों को परेशान करेगी।
इन जिलों में बहुत भारी बारिश का अलर्ट
बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, संत कबीर नगर, बस्ती, गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया, मऊ, बलिया और गाजीपुर।
भारी बारिश का अलर्ट
बहराइच, श्रावस्ती, गोंडा, अंबेडकरनगर, आजमगढ़।
हल्की बारिश के आसार
लखीमपुर खीरी, अयोध्या, सुल्तानपुर।
बूंदाबांदी के आसार
सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, पीलीभीत, बरेली, शाहजहांपुर, सीतापुर, बाराबंकी, अमेठी, जौनपुर, वाराणसी, चंदौली और सोनभद्र।



Post Comment