लखनऊ में शियाओं का महाअधिवेशन, मौलाना ने कहा- वंदेमातरम् के नाम पर डराया जा रहा
लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के इमामबाड़ा में ऑल इंडिया शिया पर्सनल लॉ बोर्ड का महाअधिवेशन हो रहा है। इसमें नेपाल और बांग्लादेश के अलावा देशभर से 2000 लोग पहुंचे हैं। इसकी वजह से दोपहर 3 बजे बड़ा इमामबाड़ा पर्यटकों के लिए बंद कर दिया गया है।
इस दौरान जम्मू कश्मीर से आए मौलाना आगा सैय्यद अब्बास रिजवी ने कहा कि हमारे जवानों को भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नाम पर डराया जाता है। जो लोग वंदे मातरम् कहलाते हैं, मैं उनसे एक सवाल पूछता हूं क्या वह वंदे मातरम् का मतलब बता सकते हैं। नहीं बताएंगे और जिससे पूछते हैं उनको भी नहीं पता कि वंदे मातरम् का मतलब क्या है? वंदे मातरम् 1870 में लिखा गया और 1885 में कोलकाता में लोगों के सामने पेश किया गया।
हम भारत को मोहब्बत की आंखों से देखते हैं
मौलाना आगा सैय्यद अब्बास रिजवी ने कहा, वंदे मातरम् का मतलब है ‘मां तुझे सलाम’ मैं तो मां को हमेशा सलाम करता हूं। यहां तो खुली फिजा में रहने वाले लोग हैं। हम तो वहां रहते हैं, जहां पाकिस्तान का जुल्म बर्दाश्त किया है। हमने एक किताब लिखी है ‘आगोश-ए-हिन्द’। जो किताब हमने लिख दी यह वंदे मातरम् कहलाने वाले भी नहीं लिख पाएंगे। आप लोग आंख की रोशनी से हिंदुस्तान को देखते हो, हम दिल की रोशनी और मोहब्बत की आंखों से भारत को देखते हैं।
उन्होंने मंच से वंदे मातरम् का मतलब बताते हुए कहा कि ‘वंदे मातरम्’ मां को सलाम हो सिर्फ इतना ही इसमें नहीं है। तू मीठे पानी वाली मां, फलों वाली मां , पहाड़ों की ठंडी हवाओं वाली मां, हरे भरे खेतों में हरियाली वाली मां, रात की चांदनी से भी ज्यादा रोशन मां, तू मीठी जबान और सुकून देने वाली मां।
जो पाकिस्तान हमारे साथ सुलूक करता है, वही भारत में हो रहा है
उन्होंने कहा कि हुकूमत से हम यह कहना चाहते हैं कि हमारी 7 करोड़ आबादी पूरे भारत में है। हमारे साथ वही सुलूक किया जा रहा है जो पाकिस्तान में हमारे समुदाय के साथ किया जाता है। 7 करोड़ की आबादी होने के बाद भी हमारा प्रतिनिधित्व केंद्र और राज्य सरकारों में नहीं है। हमने यह बात राजनाथ सिंह से 2015 में कही थी।
महाअधिवेशन की अध्यक्षता ऑल इंडिया शिया पर्सनल लॉ बोर्ड के अध्यक्ष मौलाना सैय्यद मेहंदी कर रहे हैं। इसमें शिया मुसलमानों की वर्तमान स्थिति, उनके अधिकारों और वक्फ संपत्तियों की सुरक्षा जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा हो रही है। अधिवेशन की वजह से बड़ा इमामबाड़ा पर्यटकों के लिए आज बंद कर दिया गया है।
महाअधिवेशन में कहां-कहां से पहुंचे लोग?
महाअधिवेशन में पश्चिम बंगाल के मौलाना फिरोज, बिहार के मौलाना असद यावर, झारखंड के मूसी रजा, रांची के तहजीबुल हसन, दिल्ली के मेहंदी माजीद, जम्मू-कश्मीर के मौलाना मूसली, मुंबई के मौलाना जहीर अब्बास, पंजाब अनीस हैदर, नेपाल के मौलाना जैनुलाबदीन, बांग्लादेश के मौलाना राशीद हिस्सा ले रहे हैं।



Post Comment