यूपी में नौतपा में भी बदला मौसम, आंधी-तूफान से उखड़े पेड़-पोल; 3 लोगों की मौत
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में नौतपा लगने के बाद भी मौसम बदल गया। मंगलवार तड़के 5 बजे लखीमपुर खीरी में आंधी-तूफान आया, जिससे पेड़ और पोल उखड़ गए। घर की टंकियां उड़ गईं। इससे पहले, सोमवार देर रात लखनऊ में 90 की रफ्तार से तूफान आया।
बदायूं, अयोध्या, उन्नाव, बस्ती, गोंडा, संभल, गोरखपुर और सीतापुर में आंधी के साथ बारिश हुई। बस्ती, गोरखपुर और गोंडा में भी पेड़-पोल उखड़ गए। होर्डिंग उड़ गए। आंधी-बारिश से जुड़े हादसों में लखीमुपर, बस्ती और सीतापुर में एक-एक की जान चली गई है।
आज 39 शहरों में हीटवेव का अलर्ट
मंगलवार सुबह आसमान में बादल छाए रहे। बीच-बीच में धूप निकल रही है। मौसम विभाग का कहना है कि दिन चढ़ने के साथ गर्मी बढ़ेगी। धूप तीखी होगी। गर्म हवाएं जोर पकड़ेंगी। आज 39 शहरों में हीटवेव का अलर्ट है। इनमें तीन शहर बांदा, चित्रकूट और प्रयागराज में रेड अलर्ट है। यानी यहां बहुत गर्म हवाएं चलेंगी।
मौसम विभाग ने बताया कि 28 मई से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। आंधी, तूफान और आसमान में बादल छाए रहेंगे। 2-3 दिन पूरे प्रदेश में अच्छी बारिश होगी। तापमान में 8°C-10°C तक गिरावट आएगी। बीते 24 घंटे की बात करें तो बांदा एक बार फिर देश में सबसे गर्म शहर रहा। अधिकतम तापमान 47.6°C दर्ज किया गया। महाराष्ट्र के ब्रह्मपुरी में पारा 47.6°C रहा। इसके अलावा, झांसी में पारा 46°C तक पहुंच गया। जालौन में 45.8°C, आगरा में 45.5°C और प्रयागराज में 45.4°C तापमान रिकॉर्ड किया गया।
बिना किसी विक्षोभ और नौतपा के बीच बारिश कैसे?
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यूपी में पिछले कुछ दिनों से तापमान बहुत ज्यादा है। तेज गर्मी के कारण जमीन और ऊपरी हवा के तापमान में बड़ा अंतर बन गया है। इसके अलावा, पूर्वी यूपी से लेकर छत्तीसगढ़ तक एक ट्रफ लाइन (कम दबाव का क्षेत्र बनाने वाली एक काल्पनिक रेखा) सक्रिय है। दक्षिण बिहार के ऊपर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना है। एक मौसमी सिस्टम जम्मू-कश्मीर और उसके आसपास के इलाकों के ऊपर भी एक्टिव है। इस वजह से यूपी में मौसम बदल गया है। आंधी-तूफान और बारिश के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन गई हैं।
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 28 मई को नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। दक्षिण बिहार और आसपास के क्षेत्रों में ऊंचाई पर चक्रवाती हवा की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में प्रदेश में 29 और 30 मई को आंधी, बारिश के साथ बिजली कड़क सकती है। हवा की रफ्तार 50 किमी/घंटे तक पहुंच सकती है।
3 जिलों में हीटवेव का रेड अलर्ट
बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज के आसपास।
13 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
कौशांबी, फतेहपुर, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, आगरा, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर के आसपास।
23 जिलों में येलो अलर्ट
प्रतापगढ़, जौनपुर, गाजीपुर, कानपुर देहात, कानपुर नगर, रायबरेली, अमेठी, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर के आसपास।
इन जिलों में रातें भी गर्म रहेंगी
बांदा, चित्रकूट, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर के आसपास।



Post Comment