Varanasi: राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने किए बाबा विश्वनाथ के दर्शन-पूजन

Varanasi: राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने किए बाबा विश्वनाथ के दर्शन-पूजन
  • राज्यपाल सीएम योगी ने सोमनाथ स्वाभिमान पर्व प्रदर्शनी का भी किया अवलोकन

Varanasi: सोमनाथ स्वाभिमान पर्व, अटूट आस्था की गौरव गाथा के अवसर पर सोमनाथ संकल्प महोत्सव कार्यक्रम में शामिल होने के लिए राज्यपाल आनंदीबेन पटेल व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार सुबह काशी पहुंचे। उन्होंने यहां काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन किया। सोमनाथ तथा श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के अर्चकों ने एक साथ पूजन-अर्चन संपन्न कराया।

सोमनाथ से आए जल से किया काशी विश्वनाथ का जलाभिषेक

राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने सोमनाथ से आए जल से काशी विश्वनाथ का जलाभिषेक किया और बाबा के दरबार में माथा टेक कर लोकमंगल व प्रदेशवासियों के कल्याण की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में राज्यपाल को अंगवस्त्र व रुद्राक्ष की माला भेंट की। मंदिर प्रांगण में पीत वस्त्र धारण किए मंदिर के शास्त्रीगण, बालिकाओं/महिलाओं ने शंख ध्वनि तथा वाद्य यंत्र कलाकारों ने डमरू आदि के जरिए राज्यपाल व मुख्यमंत्री का स्वागत किया। राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने हर हर महादेव की जयकार संग हाथ जोड़कर श्रद्धालुओं का अभिवादन स्वीकार किया। मुख्यमंत्री ने इससे पहले छह मई को भी काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन-पूजन किया था।

राज्यपालमुख्यमंत्री ने किया प्रदर्शनी का अवलोकन

राज्यपाल आनंदी बेन पटेल व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंदिर प्रांगण में सामूहिक “ॐ जप” किया। इसके बाद सोमनाथ भवन में सोमनाथ ज्योतिर्लिंग की प्रतिकृति के रूप में निर्मित पार्थिव शिवलिंग की पूजा-अर्चना व आरती की। अतिथियों ने यहां सोमनाथ स्वाभिमान पर्व प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।

Post Comment

You May Have Missed