UP Weather: मौसम लेगा यू-टर्न, तेज हवाओं के साथ बारिश और वज्रपात का अलर्ट
UP Weather: बीते कई दिनों से परेशान करने वाली भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। विक्षोभ की वजह से 28 अप्रैल से यूपी के ज्यादातर जिलों में हवाओं का रुख बदला हुआ रहेगा। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह का कहना है कि मंगलवार से प्रदेश में राहत के संकेत हैं। 27 अप्रैल से सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के असर से यूपी के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में मौसम बदलने की संभावना है।
मंगलवार को प्रदेश के 27 जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की बारिश का अनुमान है। वहीं पश्चिमी यूपी के करीब 15 जिलों में 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की आशंका है। इससे तापमान में गिरावट आने और गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद जताई गई है।
झोंकेदार हवा (गति 40-50 किमी/घंटा) चलने की आशंका
-
अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर व आस पास के क्षेत्र।
यहां है गरज चमक के साथ वज्रपात की संभावना
-
सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, अमरोहा, संभल, बदांयू, जालाैन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर आदि।
राजधानी में भी बूंदाबांदी के आसार
राजधानी में बीते कई दिनों से जारी भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों से अब फौरी तौर पर राहत मिलने के संकेत हैं। सक्रिय हुए नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से सोमवार को हवा का रुख पछुआ से पुरवा गया है। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को आसमान में बादल बने रहेंगे। इससे तीखी धूप और गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी लेकिन उमस ज्यादा महसूस होगी। बुधवार से बादलों की सक्रियता और बढ़ेगी। तेज हवाओं के साथ हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है। इससे तापमान में गिरावट आएगी। 28 से 30 अप्रैल के बीच हल्की बारिश से तापमान में 3 से 5 डिग्री तक कमी आ सकती है। इससे अगले एक सप्ताह तक लू से राहत मिलने की उम्मीद है। इस दौरान नमी के कारण उमस और आभासी गर्मी बनी रह सकती है।



Post Comment