UP Board Result 2026: मंत्री गुलाब देवी ने टॉपर्स को दी बधाई, कहा- मेहनत और अनुशासन से ही मिलती है सफलता

UP Board Result 2026: माध्यमिक शिक्षा परिषद ने यूपी बोर्ड की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित कर दिया। परिणामों में हाईस्कूल में 90.42% और इंटर में 80.38% छात्र सफल घोषित किए गए हैं। हाईस्कूल परीक्षा के टॉपर्स में प्रथम स्थान पर संयुक्त रूप से बाबूराम सावित्री देवी इंटर कॉलेज (सीतापुर) की कशिश वर्मा (97.83) और द मॉडर्न एकेडमी इंटर कॉलेज (बाराबंकी) की अंशिका वर्मा (97.83%) रहीं। वहीं, इंटरमीडिएट परीक्षा के टॉपर्स में प्रथम स्थान पर बाबूराम सावित्री देवी इंटर कॉलेज (सीतापुर) की शिखा वर्मा (97.60%) रहीं। प्रदेश की माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी ने लखनऊ स्थित अपने मंत्री आवास से हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा के टॉपर्स छात्राओं और उनके अभिभावक से दूरभाष के माध्यम से वार्ता कर छात्राओं को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा की गुणवत्ता को लगातार बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और छात्रों की मेहनत ही राज्य के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष की परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, नकलविहीन एवं समयबद्ध रही, जो शिक्षा व्यवस्था में सकारात्मक परिवर्तन का संकेत है। उन्होंने यह भी कहा कि बेटियों द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है और यह “बेटी पढ़ाओ-बेटी बढ़ाओ” की भावना को सशक्त करता है। उन्होंने सभी सफल अभ्यर्थियों से निरंतर परिश्रम और अनुशासन के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का आह्वान किया।

Post Comment

You May Have Missed