सरकार बोली- कॉकरोच पार्टी को चार बार बातचीत के लिए बुलाया, अन्‍ना हजारे मौन प्रदर्शन से उठे

सरकार बोली- कॉकरोच पार्टी को चार बार बातचीत के लिए बुलाया, अन्‍ना हजारे मौन प्रदर्शन से उठे

नई दिल्‍ली: केंद्र सरकार ने गुरुवार को कहा कि वह कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के साथ किसी भी समय बातचीत के लिए तैयार है। केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा- सरकार बुधवार दोपहर से गुरुवार दोपहर तक उनके प्रतिनिधियों को चार बार बातचीत का ऑफर दे चुकी है।

जितेंद्र सिंह ने कहा- जेपी नड्डा के ऑफिस या उनके आवास, किसी भी जगह बातचीत हो सकती है। हम दोनों वहां मौजूद रहेंगे। हम इसे प्रतिष्ठा का विषय नहीं मानते। मैं अपील करता हूं कि आइए और बातचीत कीजिए। बातचीत के जरिए धीरे-धीरे हम समाधान की तरफ बढ़ेंगे।

CJP बोली- जंतर-मंतर पर आएं

दूसरी तरफ, CJP ने कहा है कि सरकार को बातचीत करनी है तो जंतर-मंतर आए या किसी न्यूट्रल जगह पर बातचीत करे। CJP प्रवक्ता सौरव दास ने कहा- हमें पुलिस ने बताया कि सरकार ने बातचीत के लिए बुलाया है। लेकिन हम किसी के घर या ऑफिस नहीं जाएंगे।

गौरतलब है कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर CJP के नेतृत्व में छात्रों का प्रदर्शन 20 जून से जारी है। वे नीट पेपर लीकर को लेकर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा मांग रहे हैं। इस प्रदर्शन से जुड़े सोशल एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक 28 जून से अनशन पर हैं। उनका गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में इलाज चल रहा है।

वांगचुक की पत्नी बोलीं– कांग्रेस नेताओं को जंतर-मंतर जाना चाहिए था

वांगचुक की पत्नी गीतांजलि अंग्मो ने कांग्रेस के पीएम आवास पर प्रदर्शन पर सवाल उठाए। उन्होंने इंडिया टुडे को दिए एक इंटरव्यू में कहा कि 21 जुलाई को कांग्रेस का प्रदर्शन ईमानदार नहीं था। कांग्रेस नेताओं को प्रधानमंत्री आवास के बजाय जंतर-मंतर जाकर छात्रों के साथ खड़ा होना चाहिए था। कुछ राजनीतिक दल अब सोनम वांगचुक और उनकी छवि का राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन जनता अब इसे समझती है और आसानी से गुमराह नहीं होगी।

गीतांजलि ने सवाल किया कि छात्रों की चिंताओं को सुनने के बजाय उनके इरादों पर शक करना क्यों आसान माना जाता है। उन्होंने प्रदर्शनकारियों के धैर्य और अनुशासन की सराहना की। CJP का आंदोलन 20 जून से जारी है। वहीं, 28 जून से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे सोनम वांगचुक फिलहाल गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती हैं।

अन्ना हजारे तबीयत खराब होने के कारण मौन प्रदर्शन से उठे

अन्ना हजारे ने दिल्ली में चल रहे छात्रों के आंदोलन के समर्थन में वाडिया पार्क स्थित गांधी स्मारक पर मौन प्रदर्शन में हिस्सा लिया। इस दौरान अन्ना हजारे भावुक भी हो गए। फिर तबीयत खराब होने के कारण कुछ देर बाद उन्हें प्रदर्शन स्थल से जाना पड़ा। उनके जाने के बाद भी मौन प्रदर्शन जारी रहा।

CJP प्रवक्ता बोले- PM का बयान मरहम जैसा, हमें प्रधान का इस्तीफा चाहिए

CJP के प्रवक्ता सौरव दास ने कहा कि प्रधानमंत्री का बयान सिर्फ मरहम लगाने जैसा है। हमें शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा चाहिए। इससे कम कुछ भी स्वीकार नहीं होगा।

CJP ने कहा- पुलिस ने बताया कि नड्डा ने बुलाया है

जंतर-मंतर पर प्रेस कॉन्फ्रेंस में CJP प्रवक्ता सौरव दास ने कहा कि हमें पुलिस ने बताया कि नड्डा ने अपने आवास पर चर्चा के लिए बुलाया है। हम किसी के घर या दफ्तर नहीं जाएंगे। अगर सरकार बातचीत चाहती है तो जंतर-मंतर आए या प्रदर्शन स्थल के पास किसी न्यूट्रल जगह पर बातचीत करे। इससे पहले बुधवार को भी CJP ने नड्डा के साथ बैठक का प्रस्ताव इसी वजह से ठुकरा दिया था।

Post Comment

You May Have Missed