सरोजनी नगर विधायक राजेश्वर सिंह के समर्थक सड़क पर उतरे, ‘अखिलेश-राहुल मुर्दाबाद’ के लगाए नारे
लखनऊ: सरोजनी नगर से बीजेपी विधायक राजेश्वर सिंह के समर्थक रविवार को सड़क पर उतर आए। उन्होंने सपा सांसद आरके चौधरी के आवास के बाहर जमीन पर बैठकर प्रदर्शन किया। इस दौरान अखिलेश यादव मुर्दाबाद और राहुल गांधी मुर्दाबाद जैसे नारे लगाए। महिलाओं ने ‘प्रियंका गांधी होश में आओ’ जैसे नारे लगाए।
मुंशी पुलिया स्थित आरके चौधरी के आवास जाने से पहले सभी समर्थक 1090 चौराहे पर इकट्ठा हुए। यहां सबने मोहनलालगंज से सपा सांसद आरके चौधरी के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद मुंशी पुलिया की ओर गाड़ियों के काफिले से निकल गए। कार्यकर्ताओं का कहना है कि नारी वंदन अधिनियम के खिलाफ बोलकर आरके चौधरी ने महिलाओं का अपमान किया है। उन्हें इसके लिए माफी मांगनी चाहिए। महिला समर्थकों ने ‘आरके चौधरी शर्म करो, शर्म करो’ और ‘प्रियंका गांधी होश में आओ, होश में आओ’ के नारे लगाए।
आधे घंटे नारेबाजी कर लौट गए विधायक समर्थक
भाजपा विधायक राजेश्वर सिंह के समर्थकों ने सपा सांसद आरके चौधरी के आवास के बाहर करीब आधे घंटे तक नारेबाजी की। इस दौरान कड़ी धूप में सड़क पर बैठे रहे। सांसद अपने आवास के अंदर आकर उनसे बातचीत करने का इंतजार कर रहे थे। विधायक समर्थक उनसे बातचीत किए बगैर ही वहां से उठकर सरोजनी नगर लौट गए।
सपा सांसद आवास पर इंतजार कर रहे, बोले- स्वागत करूंगा
इससे पहले सांसद आरके चौधरी ने कहा कि उनका इंतजार कर रहा हूं। आएं तो स्वागत-सम्मान करूंगा। सरोजनी नगर मेरा क्षेत्र है। मैं महिलाओं का सम्मान करूंगा, वो भले की किसी दल की हों।
नारी वंदन अधिनियम पर उन्होंने कहा कि बिल को लागू करने में भाजपा मक्कारी कर रही है। बिल पहले ही आ चुका था। आरक्षण का मतलब है- जिसकी जितनी संख्या भारी, उसकी उतनी हिस्सेदारी।



Post Comment