बरेली में ‘आई लव मोहम्मद’ जुलूस में बवाल, जुमे की नमाज के बाद पथराव, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

बरेली में 'आई लव मोहम्मद' जुलूस में बवाल, जुमे की नमाज के बाद पथराव, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

बरेली: शहर में जुमे पर ‘आई लव मोहम्मद’ विवाद को लेकर तीन जगहों पर बवाल हो गया। पुलिस ने हालात पर काबू पाने के लिए लाठीचार्ज किया। लोगों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इससे भगदड़ मच गई।

दरअसल, मौलाना तौकीर रजा ने मुस्लिमों से शहर के इस्लामिया ग्राउंड में प्रदर्शन करने की अपील की थी। जुमे की नमाज के बाद भीड़ सड़क पर उतर आई और जबरन ग्राउंड में जाने की जिद पर अड़ गई। पुलिस के मुताबिक, भीड़ को रोका गया। इस पर भीड़ ने तोड़फोड़ शुरू कर दी। धार्मिक नारे लगाए और उग्र हो गए। पथराव शुरू कर दिया। छतों से भी पत्थर फेंके।

मौलाना तौकीर रजा भी हिरासत में

पुलिस ने हालात पर काबू पाने के लिए लाठीचार्ज किया। बारादरी और प्रेमनगर क्षेत्र में भी बवाल हुआ है। पुलिस ने शहर में बाजार बंद कराए हैं। फिलहाल, पुलिस ने मौलाना तौकीर रजा को हिरासत में ले लिया है। मौलाना तौकीर रजा इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल (IMC) के अध्यक्ष है। इन पर 2010 में बरेली में दंगा करवाने का भी आरोप है। मामला अभी कोर्ट में है।

I Love Muhammad विवाद कानपुर से शुरू

यह विवाद उत्तर प्रदेश के कानपुर में 04 सितंबर से शुरू हुआ। बारावफात (ईद मिलाद-उन्नबी) के जुलूस के दौरान एक समूह ने I Love Muhammad लिखा एक बैनर/लाइटबोर्ड जुलूस मार्ग पर लगाया। स्थानीय हिंदू संगठनों ने इसका विरोध किया।

पुलिस ने बैनर हटाए गए और नौ लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज की। 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई। बाद में यह विवाद बढ़ गया और कई अन्य शहरों व राज्यों में ‘I Love Muhammad’ के समर्थन में रैलियां, बैनर और पोस्टर लगे। हिंदू समुदाय ने इसके जवाब में “I Love Mahadev/Mahakaal” जैसे बैनर लगाए।

बरेली की सबसे बड़ी थोक मार्केट बंद

बरेली के श्यामगंज में भी पुलिस पर पथराव किया गया। इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर सभी को खदेड़ दिया। श्यामगंज की मार्केट को बंद कर दिया गया है। यह बरेली का थोक मार्केट है। किराना बाजार है। फिलहाल बरेली में स्थिति नियंत्रण में है। पुलिस फोर्स बढ़ा दी गई है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात है। ड्रोन से निगरानी की जा रही है।

बरेली रेंज IG अजय साहनी ने कहा- हम बरेली में सड़कों पर हैं और स्थिति पूरी तरह सामान्य है। नमाज सकुशल संपन्न हुई। कुछ लोग सड़कों पर नारे लगा रहे थे, पुलिस ने उन्हें वापस भेज दिया है। उपद्रवियों की तस्वीरें और वीडियो बनाए गए हैं। आगे की कार्रवाई की जाएगी।

गलियों में भागे प्रदर्शनकारी

बरेली में जुमे की नमाज के बाद हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने पथराव किया। इस पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया, तो प्रदर्शनकारी गलियों में भी भागते दिखे। इसके अलावा IMC प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खान के घर के बाहर ‘आई लव मोहम्मद’ के पोस्टर लिए भी लोग एकत्र हुए। दोनों जगहों पर भारी सुरक्षा तैनात की गई है।

पुलिस ने किया फ्लैग मार्च

IMC प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खान के घर के बाहर ‘आई लव मोहम्मद’ के पोस्टर लेकर जमा हुए लोगों के एक समूह के विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस ने फ्लैग मार्च किया। प्रदर्शनकारियों ने जुमे की नमाज के बाद हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान पथराव किया था।

बरेली के बारादरी में पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर किया

बरेली में बारादरी थाना क्षेत्र के श्यामगंज मार्केट में लोग सड़कों पर उतर आए थे। आई लव मोहम्मद विवाद को लेकर नारेबाजी की। पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर किया है।

बरेली के तीन इलाकों में बवाल

बरेली के तीन थाना क्षेत्रों सदर कोतवाली, प्रेमनगर, बारादरी में बवाल हो रहा है। इन तीनों क्षेत्रों में पुलिस पर पथराव किया गया। पुलिस ने लाठीचार्ज कर सभी को खदेड़ दिया। सड़कों पर पुलिस तैनात है। इस बीच भी लोग छतों और खिड़कियों से पुलिस पर पथराव कर रहे हैं। बवाल बढ़ने पर बरेली के अलावा शाहजहांपुर, बदायूं, पीलीभीत, मुरादाबाद, रामपुर, अमरोहा, संभल और बिजनौर से भी पुलिस फोर्स पहुंची है।

बरेली की सड़कों पर इस समय लगातार डीएम अविनाश सिंह, एडीजी जोन रमित शर्मा, डीआईजी अजय साहनी, एसपी सिटी मानुष पारिक, एसपी साउथ अंशिका वर्मा, एसपी नार्थ मुकेश चंद्र मिश्रा, एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अजमल गश्त कर रहे हैं।

तौकीर रजा ने कहा था- भारत के मुसलमान सड़कों पर उतरे तो कौन जिम्मेदार होगा?

मौलाना तौकीर रजा ने कहा था- अगर मुसलमानों के साथ हो रहे अन्याय नहीं रुके तो मुसलमान सड़कों पर उतरने को मजबूर होंगे। हमारी खामोशी को हमारी कमजोरी या बुजदिली न समझा जाए। जिस दिन मुसलमान हमारे नियंत्रण से बाहर हो गए, हालात गंभीर हो जाएंगे। हम भारत को श्रीलंका और नेपाल नहीं बनने देंगे। लेकिन नेपाल से ज्यादा आक्रोश भारत की जनता में सरकार के प्रति है, जिस दिन लोग सड़कों पर आ गए सरकार संभाल नहीं पाएगी। इसके लिए जिम्मेदार कौन होगा?

Post Comment

You May Have Missed