सपा विधायक रागिनी सोनकर ने कहा- राम मंदिर ट्रस्ट भंग हो, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई
जौनपुर: मछली शहर से विधायक डॉ. रागिनी सोनकर ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा का एजेंडा ‘राम नाम जपना और सारा माल हड़पना’ है, और सरकार बनने के बाद से वे यही कर रहे हैं। डॉ. सोनकर ने राम मंदिर ट्रस्ट को भंग करने की मांग की है।
डॉ. सोनकर ने आरोप लगाया कि भाजपा ने सत्ता हासिल करने के लिए भगवान श्री राम के नाम और पवित्र स्थलों का इस्तेमाल किया है। उन्होंने भाजपा की नीतियों को समाज को बांटने वाला बताया। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के अधिकारों के लिए मजबूती से संघर्ष कर रहे हैं। डॉ. सोनकर ने यह भी कहा कि उनकी पार्टी इंडिया गठबंधन के साथ एकजुटता से खड़ी है।
दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई
विधायक डॉ. सोनकर ने आरोप लगाया कि कई मामलों में भारी धनराशि का गबन किया गया है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि इंडिया गठबंधन और समाजवादी पार्टी के कई सांसद इस मुद्दे पर पहले ही पहुंच चुके हैं, और वह भी जल्द वहां पहुंचेंगी।
उन्होंने भाजपा पर गुंडागर्दी, बलात्कार, हत्या और मंदिरों में लूटपाट जैसे गंभीर आरोप भी लगाए। उन्होंने मांग की कि राम मंदिर ट्रस्ट को भंग किया जाए और इसमें शामिल दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाए।
जिम्मेदार लोगों को भगाने में मदद
मछली शहर विधायक ने कहा कि यदि एसआईटी द्वारा निष्पक्ष जांच होती तो अब तक परिणाम सामने आ गए होते और दोषियों पर कार्रवाई भी हो चुकी होती। उन्होंने आरोप लगाया कि सबूत मिटाने का प्रयास किया जा रहा है और जिम्मेदार लोगों को भगाने में मदद की जा रही है, जिससे मामले की गुत्थी सुलझने में देरी हो रही है।
उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने भगवान श्री राम के नाम पर लूट की है और जनता की आस्था के साथ खिलवाड़ किया है, उन्हें जनता सबक सिखाने के लिए तैयार है। उन्होंने यह भी बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव नीट पेपर लीक मामले में छात्रों के समर्थन में लगातार हैं, और इस धरना प्रदर्शन में पार्टी के सभी सांसद और विधायक जंतर मंतर पर छात्रों के समर्थन में पहुंचेंगे।



Post Comment