नई दिल्ली: देश के अधिकतर हिस्सों में मौसम ने करवट ली है और तापमान अब बढ़ने लगा है। गुजरात, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश और ओडिशा में पारा 40°C के पार पहुंच गया है। राजस्थान में मंगलवार को सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। बाड़मेर और जैसलमेर में तापमान 41°C के पार पहुंच गया। मध्य प्रदेश के तीन जिलों में भी पारा 40°C से ऊपर रहा, जहां नर्मदापुरम में सबसे ज्यादा 42.1°C दर्ज किया गया।
उत्तर प्रदेश के बांदा में अधिकतम तापमान 40.4°C रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो सप्ताह में तापमान 6 से 8°C तक बढ़ सकता है। मौसम विभाग ने महाराष्ट्र, तेलंगाना और कर्नाटक में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। वहीं, जम्मू-कश्मीर और असम समेत कई राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। केदारनाथ और बद्रीनाथ में बर्फबारी हुई।
देश के राज्यों में मौसम का हाल
आंधी-तूफान
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, कर्नाटक, मिजोरम, मणिपुर और नगालैंड।
तेज बारिश अरुणाचल प्रदेश
हीट वेव महाराष्ट्र, कर्नाटक और तेंलगाना।
गर्मी और उमस
पश्चिम बंगाल, ओडिशा, तमिलनाडु, पुडुचेरी, आध्र प्रदेश, केरलम, कर्नाटक, गोवा और गुजरात।
अगले दो दिन के मौसम का हाल
16 अप्रैल: असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में बारिश के साथ 30-50 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में हल्की बर्फबारी की संभावना है। पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी हल्की बारिश हो सकती है। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में लू चलने की शुरुआत होगी। तेलंगाना और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में तापमान बढ़ेगा।
17 अप्रैल: पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में हल्की से बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। हिमाचल प्रदेश में हल्की बारिश और जम्मू-कश्मीर-लद्दाख में बर्फबारी के साथ ओले गिरने की संभावना है। पश्चिम बंगाल और ओडिशा में भी गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में लू चलेगी, जबकि पश्चिमी राजस्थान और झारखंड में भी हीटवेव की शुरुआत हो सकती है।