योगी मंत्रिमंडल में छह नए मंत्री बने और दो का हुआ प्रमोशन, भूपेंद्र चौधरी बने कैबिनेट मंत्री

योगी मंत्रिमंडल में छह नए मंत्री बने और दो का हुआ प्रमोशन, भूपेंद्र चौधरी बने कैबिनेट मंत्री

लखनऊ: उत्‍तर प्रदेश की योगी आदित्‍यनाथ सरकार के कैबिनेट का रविवार को दूसरी बार विस्तार हुआ है। दो कैबिनेट, चार राज्यमंत्री और दो राज्यमंत्रियों को प्रमोशन देकर राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनाया गया है।

राजभवन में सबसे पहले भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने शपथ ली। इसके बाद सपा से बगावत करने वाले विधायक मनोज पांडेय ने शपथ ली। दोनों को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है।

अजीत पाल और सोमेंद्र तोमर ने ली शपथ

तीसरे नंबर पर अजीत पाल और फिर सोमेंद्र तोमर ने शपथ ली। दोनों विधायक पहले राज्यमंत्री थे, अब उन्हें राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनाया गया है।

इसके बाद कृष्णा पासवान, कैलाश राजपूत, सुरेंद्र दिलेर और हंसराज विश्वकर्मा ने शपथ ली। चारों को राज्यमंत्री बनाया गया है। कृष्णा पासवान राधे-राधे का पटका पहनकर आई थीं। सुरेंद्र दिलेर भगवा कपड़ों में थे। कृष्णा पासवन ने शपथ ग्रहण के बाद जब ग्रुप फोटो खींची जा रही थी तो जय-जय श्री राम के नारे लगाए।

भूपेंद्र चौधरी बोले- मेरी कोई अपेक्षाएं नहीं, अखिलेश पर साधा निशाना

कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने कहा, हम संगठन के कार्यकर्ता हैं और पार्टी नेतृत्व, प्रधानमंत्री मोदी हमें जो भूमिका दे देते हैं, उसे पूरा करने की जिम्मेदारी हमारी है। मैं अपने राष्ट्रीय नेतृत्व का आभारी हूं कि मुझे इस रूप में काम करने का अवसर दिया है। मैं नेतृत्व की अपेक्षाओं को पूरा करने का प्रयास करूंगा। मेरी कोई अपेक्षाएं नहीं है, मुख्यमंत्री के आदेश का हम पालन करेंगे।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव के तंज पर उन्होंने कहा, अखिलेश यादव इतने वरिष्ठ नेता हैं, उनसे इस प्रकार के व्यवहार की अपेक्षा नहीं की जाती। यह संवैधानिक प्रक्रिया है और प्रक्रिया के तहत ही मंत्रिमंडल का गठन होता है। समाजवादी पार्टी समाप्तवादी पार्टी की ओर बढ़ रही है।

मंत्री बने सपा के बागी विधायक मनोज पांडेय बोले- अखिलेश का मानसिक संतुलन बिगड़ा

योगी सरकार में मंत्री बनाए गए मनोज कुमार पांडे ने कहा, मैं प्रधानमंत्री, गृह मंत्री, मुख्यमंत्री और अपनी पार्टी का आभार व्यक्त करूंगा कि उन्होंने मुझे यह जिम्मेदारी दी है। पार्टी हमें जो भी जिम्मेदारी देगी, उसका हम पालन करेंगे। हम पार्टी के कार्यकर्ता है, पार्टी जो दिशा-निर्देश देगी उसपर काम करेंगे।

अखिलेश यादव के बयान पर उन्होंने कहा, यह उनका मानसिक असंतुलन है। जब पूरे देश का जनादेश आज भाजपा, राष्ट्र और सनातन के स्तंभ के पक्ष में है तो समाजवादी पार्टी इस तरह के सवाल उठाती है।

कृष्णा पासवान बोलीं- जो भी दायित्व मिलेगा, उसे पूरा करूंगी

मंत्री कृष्णा पासवान ने कहा, मुख्यमंत्री, राज्यपाल, प्रधानमंत्री और राष्ट्रीय अध्यक्ष व प्रदेश अध्यक्ष का मैं धन्यवाद करती हूं। मुख्यमंत्री और संगठन के लोग मुझे जो भी दायित्व देंगे उसका मैं निर्वहन करूंगी।

पहली बार मंत्री बने सुरेंद्र दिलेर ने कहा- बहुत अच्छा लग रहा है

मंत्री सुरेंद्र दिलेर ने कहा, बहुत अच्छा लग रहा है। भाजपा सरकार, प्रधानमंत्री मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुझे जो जिम्मेदारी दी है, उसका मैं अच्छे से निर्वहन करने का पूरा प्रयास करूंगा।

योगी सरकार में मंत्रियों का कोटा फुल

नए बनने वाले मंत्रियों में 1 ब्राह्मण, 3 ओबीसी और 2 दलित वर्ग से हैं। चर्चा है कि भूपेंद्र चौधरी को पीडब्ल्यूडी विभाग दिया जा सकता है। जितिन प्रसाद के केंद्र में मंत्री बनने के बाद से यह मंत्रालय योगी के पास ही है। अब योगी सरकार में मंत्रियों का कोटा फुल हो गया है। कुल 60 मंत्री हैं। इनमें 23 कैबिनेट मंत्री, 16 राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और 21 राज्यमंत्री हैं। योगी मंत्रिमंडल का पहला विस्तार 2024 में लोकसभा चुनाव से ठीक पहले 05 मार्च, 2024 को हुआ था।

Post Comment

You May Have Missed