Saif Attack Case: पुलिस ने दोबारा रीक्रिएट किया क्राइम सीन, कल अस्पताल से घर पहुंचे थे एक्टर
Saif Ali Khan Case Update: बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान पर हुए हमले के मामले में मुंबई पुलिस ने मंगलवार (21 जनवरी) देर रात दोबारा क्राइम सीन रीक्रिएट किया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पुलिस आरोपी शरीफुल इस्लाम को सैफ के घर से लगभग 500 मीटर दूर ले गई। यहां करीब 5 मिनट रुकने के बाद पुलिस आरोपी को लेकर वापस पुलिस स्टेशन आ गई।
इससे पहले मंगलवार की सुबह 3 बजे भी क्राइम सीन रीक्रिएट किया गया था। आरोपी को सैफ की सोसाइटी में ले जाया गया। शरीफुल को ठीक उसी तरह से एक बैग पैक भी पहनाया गया था, जैसा उसने घटना के समय पहना था। आरोपी बाथरूम की खिड़की से ही सैफ के घर में घुसा था और हमले के बाद यहीं से बाहर भी निकला। सैफ-करीना के बेटे जेह उर्फ जहांगीर के कमरे से आरोपी की टोपी मिली है। टोपी में मिले बाल को डीएनए टेस्ट के लिए स्कूल ऑफ मेडिसिन में भेजा गया है।

अब अजय लिंगनुरकर को सौंपा गया केस
मुंबई पुलिस ने आरोपी शरीफुल को 19 जनवरी की देर रात गिरफ्तार किया था। क्राइम ब्रांच ने बताया कि वह बांग्लादेश में कुश्ती का खिलाड़ी था। शरीफुल पांच दिन की पुलिस रिमांड पर है। उसे बांद्रा पुलिस स्टेशन में रखा गया है। उधर, मामले की जांच कर रहे इन्वेस्टिगेशन ऑफिसर सुदर्शन गायकवाड़ को रिप्लेस कर दिया गया है। अब ये केस अजय लिंगनुरकर को सौंप दिया गया है। मगर, ऐसा क्यों किया गया है, इसे लेकर कोई भी जानकारी सामने नहीं आई है।
पांच दिन बाद लीलावती अस्पताल से डिस्चार्ज हुए सैफ
सैफ अली खान को हमले के पांच दिन बाद मंगलवार को लीलावती अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। 15 जनवरी की रात करीब ढाई बजे उन पर चाकू से हमला किया गया था। सैफ के गले और रीढ़ में गंभीर चोटें आई थीं। इसके बाद सैफ ऑटो से लीलावती अस्पताल पहुंचे थे, जहां उनकी सर्जरी हुई और इलाज चला। सैफ अली को लीलावती अस्पताल से घर पहुंचने में करीब 15 मिनट लगे। इस दौरान वे सड़क पर लोगों का हंसकर अभिवादन करते हुए दिखे।

जब सैफ घर पहुंचे तो खुद ही कार से उतरकर बिल्डिंग के अंदर गए। सैफ व्हाइट शर्ट, नीली जींस, काला चश्मा पहने दिखे। उनके पीठ पर पट्टी लगी दिख रही थी। उनके घर के बाहर भारी सुरक्षा व्यवस्था है। बेरिकैडिंग की गई है। सैफ अब सतगुरु शरण अपार्टमेंट में नहीं रहेंगे, जहां उन पर हमला किया गया। पास ही फॉर्च्यून हाइट्स इमारत में उनका सामान शिफ्ट किया गया है, ये एक्टर का दफ्तर है।



Post Comment