राम मंदिर चोरी केस: सभी आरोपियों को अलग-अलग बैरक में शिफ्ट, शिवपाल बोले- बड़ों को बचाया जा रहा
अयोध्या: राम मंदिर में चढ़ावा चोरी प्रकरण के पांच आरोपियों से पूछताछ के लिए पुलिस रविवार दोपहर 1.50 बजे जेल पहुंची। राम मंदिर चोरी के आठ आरोपी जेल में बंद हैं। चढ़ावा चोरी के तीन आरोपियों से पुलिस पहले ही पूछताछ कर चुकी है। जिन आरोपियों से रविवार को पूछताछ होनी हैं, उनमें रमाशंकर मिश्रा, मनीष यादव, लवकुश मिश्रा, अनुकल्प मिश्रा और करुणेश पांडेय शामिल हैं।
इधर, अयोध्या जेल में शनिवार को सभी आरोपियों को अलग-अलग बैरक में शिफ्ट कर दिया गया है। पहले सभी एक बैरक में थे। पुलिस को शंका थी कि ये सभी आपस में मारपीट कर सकते हैं या कोई साजिश रच सकते हैं। इस बीच, लखनऊ में आम आदमी पार्टी के कार्यालय के बाहर रविवार को एक पोस्टर लगाया गया। पोस्टर पर लिखा है- ‘चंदा चोर पार्टी का प्रवेश वर्जित है।’
नितिन नबीन बोले- दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर शनिवार को पहली बार बयान दिया। उन्होंने लखनऊ में कहा- ‘जो हुआ, वह गलत है। इससे जनता में गलत संदेश गया है। यह विपरीत परिस्थिति है और विपक्ष को मुद्दा मिल गया है। प्रदेश सरकार कार्रवाई कर रही है। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।’
मीडिया सूत्रों के अनुसार, जांच पूरी होने पर एसआईटी 15 जुलाई के बाद FIR दर्ज करा सकती है। मुकदमे में मंदिर ट्रस्ट के महासचिव पद से इस्तीफा देने वाले चंपत राय, ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा और गोपाल राव को आरोपी बनाया जा सकता है।
विहिप अध्यक्ष पर कांग्रेस नेता का पलटवार
VHP के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार की तरफ से राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर पत्र लिखकर विपक्षी नेताओं के आरोपों की जांच की मांग पर ओडिशा कांग्रेस अध्यक्ष भक्त चरण दास ने कहा- प्रियंका गांधी,राहुल गांधी या देश के अन्य लोगों ने जो बात सार्वजनिक तौर पर कह दी है, उसे आप नोट करके जांच सकते हैं। आपका काम है कि ऐसी चोरी आगे न हो, ये सुनिश्चित करें। श्रद्धालुओं के चढ़ावे के पैसे लूटकर आप अधर्म तो कर ही चुके हैं, लेकिन आप अब राजनीतिक बात न करें।
#WATCH | भुवनेश्वर, ओडिशा | VHP के अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार द्वारा राम मंदिर के चढ़ावे में कथित गबन के मामले पर पत्र लिखकर विपक्षी नेताओं के आरोपों की जांच की मांग पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भक्त चरण दास ने कहा, "प्रियंका गांधी,राहुल गांधी या देश के अन्य लोगों ने जो बात… pic.twitter.com/tJeVHykbtu
— ANI_HindiNews (@AHindinews) July 5, 2026
उन्होंने कहा कि लोगों को जो फीडबैक प्राप्त हो रहा है, उसे वे सामने रखेंगे। लोकतंत्र है। आप चाहते हैं कि विपक्ष के नेता आकर अपनी बातों का साक्ष्य दें। ये क्या तरीका हुआ? चोरी हुई है ये तो प्रमाणित हुआ है। जब ये बात प्रमाणित हो गई तो चोर कौन-कौन है, मुख्य आरोपी कौन है, इस बारे में बात कीजिए।
चढ़ावा चोरी पर शिवपाल यादव बोले- छोटों पर कार्रवाई, बड़ों को बचाया जा रहा
वहीं, अयोध्या में दान चोरी के मामले पर शिवपाल यादव ने टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि चंदा चोरी में केवल छोटे लोगों पर कार्रवाई हो रही है, जबकि बड़े लोगों को बचाया जा रहा है। मामले में दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।



Post Comment