राम मंदिर चढ़ावा चोरी: आरोपियों को घर ले जाकर पुलिस ने ली तलाशी, 30 रिश्तेदारों के अकाउंट फ्रीज

राम मंदिर चढ़ावा चोरी: आरोपियों को घर ले जाकर पुलिस ने ली तलाशी, 30 रिश्तेदारों के अकाउंट फ्रीज

अयोध्‍या: राम मंदिर चढ़ावा गबन के प्रकरण में आरोपी अनुकल्प मिश्रा को पुलिस गुरुवार सुबह उसके घर लेकर गई। वहां लगभग 20 मिनट तक तलाशी ली। घरवालों से भी पूछताछ की। तलाशी में क्या मिला, यह अभी तक स्पष्ट नहीं है। पुलिस पूछताछ में अनुकल्प ने बताया कि मैं और अविनाश शुक्ला चोरी के पैसों को शेयर मार्केट में लगाते थे। लोगों को ब्याज पर भी पैसे देते थे। पैसों को सफेद करने के लिए उन्हें करीबियों और रिश्तेदारों के बैंक खातों में भेजते थे। फिर उनसे अपने खातों में पैसे ट्रांसफर करवाते थे।

इससे पहले बुधवार देर शाम पुलिस लवकुश मिश्रा और करुणेश पांडेय को भी उनके घरों पर लेकर गई थी। इनके भी घरों की तलाशी ली थी। पुलिस ने आरोपियों के रिश्तेदारों के 30 बैंक खाते फ्रीज कर दिए हैं। इन खातों में आय की तुलना में अधिक लेनदेन मिलने की बात सामने आई है। बुधवार सुबह 7 बजे पुलिस ने तीनों को 40 घंटे की रिमांड पर लिया था। इनके पास से फर्जी चंदा रसीदें मिली हैं।

महंत दिनेंद्र दास बोले- हमें मुख्यमंत्री और प्रशासन पर पूरा भरोसा

ट्रस्ट सदस्य महंत दिनेंद्र दास ने कहा- “हमें मुख्यमंत्री और प्रशासन पर पूरा भरोसा है। पुलिस सभी दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करेगी। हमें विश्वास है कि सभी मामलों का उचित समाधान होगा।”

कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरि बोले- चंपत राय पूरी तरह स्वस्थ

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरि ने कहा- मैं कल चंपत राय से मिलने गया था। वह पूरी तरह स्वस्थ हैं। अपने इस्तीफे को लेकर उनके मन में किसी भी तरह की कोई नाराजगी नहीं है। वे मंझे हुए कार्यकर्ता हैं। भारत माता की सेवा के लिए उन्होंने अपना पूरा जीवन लगाया है। वह श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के फैसलों से सहमत हैं।

उन्होंने पूजा-पद्धति और व्यवस्थाओं में कुछ और सुधार की अपेक्षा भी जताई है, जिसके लिए हम पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। कल मैंने उस स्थान का भी निरीक्षण किया, जहां चढ़ावे की गणना की जाती है। वहां हमने जो नए बदलाव किए हैं, उन्हें भी देखा। अब जिस तरह की सतर्कता बरती जा रही है, उसे देखते हुए लगता है कि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा कभी नहीं होगी।”

अखिलेश बोले- SIT सिर्फ लीपापोती कर रही

इधर, सपा प्रमुख अखिलेश ने कहा- हमारे धर्म में चढ़ावे की चोरी महापाप है। इन्होंने महापाप किया है। भाजपा में भगदड़ शुरू भी हो गई है। बहुत सारे लोग मुझसे अभी से संपर्क करने लगे हैं। SIT सिर्फ लीपापोती कर रही है। सुनने में तो आया है कि SIT पर भी सवाल खड़े हो गए हैं, एक सदस्य पर 420 का मुकदमा है।

क्यों फंस सकते हैं डॉ. अनिल मिश्रा?

SIT की रिपोर्ट के अनुसार, दान को इकट्ठा करने, उसकी गणना करने और दान की राशि बैंक में जमा करने की प्रक्रिया में गड़बड़ियां मिली हैं। इन सभी की जिम्मेदारी डॉ. अनिल मिश्रा की थी। SIT की फाइनल रिपोर्ट 15 जुलाई तक आनी है। इसके बाद 22 जुलाई को राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक होनी है। माना जा रहा है कि 22 जुलाई के बाद डॉ. अनिल मिश्रा को कभी भी गिरफ्तार किया जा सकता है।

Post Comment

You May Have Missed