लखनऊ में नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन, पार्क के फुटपाथ पर स्थायी दुकानें बनाने का विरोध
लखनऊ: राजधानी के आशियाना स्थित एलडीए कॉलोनी के गौतम बुद्ध पार्क की बाउंड्री के किनारे फुटपाथ पर नगर निगम अवैध रूप से पक्का निर्माण करवा रहा है। इसके विरोध में स्थानीय लोग जमकर प्रदर्शन कर रहे हैं। रविवार को लोग पार्क के बाहर इकट्ठा होकर प्रदर्शन करने लगे। लोगों का कहना है कि पहले विरोध के बाद नगर निगम ने इसका निर्माण कार्य रोक दिया था।
अब कुछ दिन बाद फिर से अवैध निर्माण शुरू कर दिया गया। करीब डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से 60 से अधिक दुकानें मॉडल वेंडिंग जोन लिए बनाई जा रही हैं। दुकानों के लिए पक्की दीवार, सीमेंट और सरिया से बने पिलर और बीम को खड़ा कर दिया गया है। अधिकारी इसे अस्थायी निर्माण बता रहे हैं। इस पक्के निर्माण पर बुलडोजर चलना चाहिए।
LDA की चिट्ठी के बावजूद नहीं रुका काम
स्थानीय लोगों के विरोध पर लखनऊ विकास प्राधिकरण ( LDA) ने नगर निगम को करीब 12 दिन पहले पत्र लिखकर इस रोक लगाने को कह दिया था। इसके बावजूद अवैध रूप से निर्माण जारी है। लोगों का कहना है कि फुटपाथ पर स्थायी वेंडिंग जोन बनने से आम रास्ता बंद हो जाएगा। पास में अस्पताल और स्कूल हैं, इनका भी रास्ता बंद हो जाएगा। यहां ट्रैफिक की समस्या हो जाएगी। ऐसे निर्माण पर बुलडोजर चलना चाहिए। स्थानीय पार्षद का कहना है कि मामला गलत घसीटा जा रहा है।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जिस स्थान पर वेंडिंग जोन बनाया जा रहा है, वहां पहले से ही यातायात का भारी दबाव रहता है। वेंडिंग जोन बनने से जाम की समस्या और गंभीर होगी, जिससे स्थानीय निवासियों, स्कूली बच्चों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
लोग बोले- अवैध निर्माण बिना NOC के हो रहा
स्थानीय निवासियों का कहना है कि इन दुकानों के निर्माण में तय मानकों का पालन नहीं किया गया है। इसके अलावा, जिम्मेदार विभागों पर आरोप है कि इस निर्माण कार्य के लिए एलडीए जैसे महत्वपूर्ण विभागों से आवश्यक एनओसी भी नहीं लिया गया है। लोगों ने बल्ली और रस्सी लगाकर रास्ता बंद कर दिया है। इस दौरान पुलिस उन्हें समझाकर रास्ता खुलवाने की कोशिश कर रही है।
विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता स्थानीय निवासी कमलेश दीक्षित बताते हैं कि बिना एनओसी और बिना योजना के हो रहे इस निर्माण से क्षेत्र में जाम और अन्य नागरिक समस्याएं बढ़ने की आशंका जताई जा रही है, जिसके चलते स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। उन्होंने बताया हम लोग इसका विरोध कर रहे हैं, अगर नगर निगम ने इसे नहीं हटाया तो प्रदर्शन चलता रहेगा।
निर्माण नहीं रुका तो जाना पड़ेगा कोर्ट
लोगों का कहना है कि अगर नगर निगम ने इस निर्माण को नहीं रोका तो मजबूरन कोर्ट की शरण में जाना पड़ेगा। उनका आरोप है कि मॉडल वेंडिंग जोन बनाने से पहले आसपास स्थित तीन हॉस्पिटल तक का खयाल भी नहीं रखा गया है। निर्माण होने के बाद इस पूरे मार्ग पर हर वक्त ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहेगी।



Post Comment