उत्तर प्रदेश
राजनीति
Lucknow News, Maha Kumbh 2025, Prayagraj Kumbh 2025, UP Board, UP Board 2025, UP Board Exam 2025, UP Board Exams Date 2025, UP Board Probable Exam Dates 2025, UP News, यूपी बोर्ड, यूपी बोर्ड परीक्षा, यूपी बोर्ड परीक्षा 2025, यूपी बोर्ड परीक्षा तारीख 2025
Shailendra Singh
0 Comments
UP Board Exam 2025 की संभावित तारीखें घोषित, महाकुंभ के कारण देरी से हो सकती हैं परीक्षाएं
UP Board Exam 2025: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं इस बार महाकुंभ (Maha Kumbh 2025) के कारण महाशिवरात्रि के अंतिम स्नान पर्व के बाद कराने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। यूपी बोर्ड प्रशासन के एक बड़े अफसर ने नाम न छापने के आग्रह पर इसकी पुष्टि की।
बोर्ड का मानना है कि विश्व के सबसे बड़े सांस्कृतिक समागम के रूप में होने वाले महाकुंभ में इस बार देश ही नहीं, दुनिया के कोने-कोने से श्रद्धालुओं की भीड़ संगम नगरी में उमड़ेगी। ऐसे में बोर्ड की परीक्षाएं आखिरी स्नान पर्व के बाद ही कराना उचित होगा। 2024 में परीक्षाएं 22 फरवरी से शुरू हो गई थीं। पिछले पांच साल के दौरान सिर्फ 2022 में ही बोर्ड परीक्षा मार्च में कराई गई थी।
26 फरवरी के बाद परीक्षाएं शुरू होने की संभावना
इस बार महाकुंभ 13 जनवरी को पौष पूर्णिमा स्नान पर्व से आरंभ होगा। 14 जनवरी को प्रथम शाही स्नान है। संगम तट पर 13 जनवरी को पौष पूर्णिमा से शुरू होकर 26 फरवरी को महाशिवरात्रि के आखिरी स्नान पर्व पर महाकुंभ का रेला थमने लगेगा। ऐसे में बोर्ड भीड़ के दबाव की वजह से परीक्षाएं आखिरी स्नान पर्व के बाद ही कराना चाहता है। ऐसे में माना जा रहा है कि बोर्ड परीक्षाएं 26 फरवरी के बाद ही शुरू होंगी।
इस बार हाईस्कूल में 27,40,151 परीक्षार्थी और इंटरमीडिएट में 26,98,446 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा की शुचिता को ध्यान में रखकर एआई का भी इस्तेमाल किया जाएगा, ताकि किसी तरह की गड़बड़ी को रोका जा सके और नकल विहीन परीक्षा हो सके।



Post Comment