यूपी में भीषण गर्मी से लोग परेशान, डिप्टी सीएम बोले- धूप में मत निकलिए
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में चार-पांच दिन से भीषण गर्मी पड़ रही है। मंगलवार को बांदा का पारा सीजन में पहली बार 48.2°C रिकॉर्ड किया गया। यह देश का सबसे गर्म और दुनिया का तीसरा सबसे गर्म शहर रहा। इससे पहले, 2022 में बांदा का तापमान 49.2°C तक पहुंच गया था। संभावना है कि अगले कुछ दिनों में 4 साल पुराना रिकॉर्ड टूट सकता है।
बुधवार को यूपी के ज्यादातर शहरों में सुबह से तेज धूप है। दोपहर 2.30 बजे बांदा में पारा 46.6°C पहुंच गया। झांसी में पारा 44°C, प्रयागराज में 43°C, लखनऊ में 42°C और मेरठ में 40°C के पार पहुंच गया है। गर्मी से लोग बेहाल हैं। गोरखपुर चिड़ियाघर में दरियाई घोड़ा दिन में पानी से बाहर नहीं आ रहा है। लखनऊ चिड़ियाघर में पानी डालकर जानवरों को ठंडक पहुंचाई जा रही है।
53 जिलों में हीटवेव का अलर्ट
आज प्रदेश के 53 जिलों में हीटवेव (लू) का अलर्ट है। इनमें 11 जिलों में लू का रेड अलर्ट है। यानी यहां गर्म हवाओं की वजह से हालात गंभीर हो सकते हैं। मौसम विभाग का कहना है कि पाकिस्तान के बलूचिस्तान और थार मरुस्थल से आ रही सूखी और गर्म हवाएं सीधे उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में पहुंच रही हैं। इससे मई के आखिरी हफ्ते या जून वाली गर्मी अभी से महसूस हो रही है। फिलहाल, 10 दिन तक भीषण गर्मी पड़ेगी।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने अस्पतालों को पुख्ता इंतजाम के निर्देश दिए हैं। लोगों से अपील की है कि जरूरी हो, तभी घर से निकलें। प्रदेश में 8वीं तक के सभी सरकारी स्कूलों में समर वेकेशन (गर्मी की छुटि्टयां) घोषित कर दी गई है। डीएम ने प्राइवेट स्कूलों को भी 15 जून तक स्कूल बंद करने के निर्देश दिए हैं। मथुरा, रायबरेली, मिर्जापुर, बलिया, देवरिया और अंबेडकरनगर में 12वीं तक के स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है।
18 जून को मानसून आने की संभावना
लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया कि प्रदेश में मौसम साफ रहेगा। ज्यादातर जिलों का तापमान 45°C से 49°C के बीच पहुंचेगा। 29 मई को नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इससे मौसम बदलने की संभावना है। वहीं, मानसून केरल में 26 मई के आसपास पहुंच सकता है। 18 जून को मानसून गोरखपुर के रास्ते यूपी में प्रवेश करेगा। हालांकि, यह एक संभावित तिथि है।
बांके बिहारी में मैट बिछाई, लखनऊ में बिजली कटौती पर हंगामा
काशी विश्वनाथ मंदिर प्रबंधन ने श्रद्धालुओं को दोपहर के समय आने से बचने की सलाह दी है। वृंदावन के श्री बांके बिहारी मंदिर में चबूतरे पर बिछी मैट को ठंडा रखने के लिए पानी का छिड़काव किया जा रहा। लखनऊ में इतनी गर्मी पड़ी कि आईफोन ने भी जवाब दे दिया। उसमें हीट का अलर्ट आने लगा। बिजली कटौती की वजह से लोगों ने पावर हाउस में हंगामा किया।
11 जिलों में हीटवेव का रेड अलर्ट
बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, फतेहपुर, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी एवं आस पास के क्षेत्रा
14 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
कौशाम्बी, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, बलिया, कानपुर देहात, कानपुर नगर, रायबरेली, औरैया, ललितपुर एवं आस पास के क्षेत्र।
28 जिलों में येलो अलर्ट
सोनभद्र, आजमगढ़, मऊ, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, उन्नाव, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, कासगंज, बिजनौर, अमरोहा, संभल एवं आसपास के क्षेत्र।
ऐसे समझिए
रेड अलर्ट- सबसे गंभीर स्थिति।
ऑरेंज अलर्ट- खतरे की स्थिति की चेतावनी।
येलो अलर्ट- अधिक सतर्क रहने की सलाह।
अगले 5 दिन कैसा रहेगा मौसम?
- 21 मई: पूर्वांचल के उत्तर पूर्वी इलाकों में कहीं-कहीं बौछारें पड़ सकती हैं। पश्चिमी यूपी में भीषण गर्मी का सिलसिला जारी रहेगा।
- 22 मई: पश्चिमी यूपी में मौसम साफ रहेगा। लू चलेगी। पूर्वी यूपी में हल्की बारिश हो सकती है।
- 23 मई: पश्चिमी यूपी में तेज धूप निकलेगी। लू परेशानी बढ़ाएगी। पूर्वांचल में बारिश की संभावना है।
- 24 मई: पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्क रहेगा। 40 की रफ्तार से गर्म हवाएं चलेंगी। पूर्वी यूपी में बारिश हो सकती है।
- 25 मई: पश्चिमी यूपी में 40 की रफ्तार से गर्म हवाएं चलेंगी। गर्मी बढ़ेगी। पूर्वी यूपी के उत्तर पूर्वी इलाकों में गरज चमक के साथ बारिश हो सकती है।



Post Comment