पुलिस झंडा दिवस पर यूपी DGP ने सीएम योगी को लगाया फ्लैग पिन, दी बधाई

पुलिस झंडा दिवस पर यूपी DGP ने सीएम योगी को लगाया फ्लैग पिन, दी बधाई

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में रविवार (23 नवंबर) को पुलिस झंडा दिवस बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। यह दिवस प्रदेश के थानों, पुलिस चौकियों और सभी पुलिस कार्यालयों में आयोजित किया गया, जो यूपी पुलिस के गौरवशाली इतिहास का प्रतीक है। पुलिस झंडा दिवस के अवसर पर डीजीपी डीएस चौहान ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को फ्लैग पिन लगाया और उन्हें एक प्रतीक चिन्ह भी सौंपा।

इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी ने पर ‘एक्स’ (X) पर पोस्‍ट करते हुए प्रदेश पुलिस को ‘पुलिस झंडा दिवस’ की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्‍होंने कहा, ‘उत्तर प्रदेश पुलिस के समस्त अनुशासित एवं कर्तव्यनिष्ठ कार्मिकों को पुलिस झंडा दिवस की हार्दिक बधाई! समर्पण, संवेदनशीलता और सेवा की प्रतीक यूपी पुलिस पर हमें गर्व है। जय हिंद!’

सन् 1952 से जुड़ी है परंपरा

उत्तर प्रदेश पुलिस के इतिहास में 23 नवंबर का दिन विशेष महत्व रखता है। यूपी पुलिस पूरे भारतवर्ष का पहला राज्य पुलिस बल है, जिसे उसके अप्रतिम योगदान के फलस्वरूप 23 नवंबर, 1952 को भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू द्वारा ‘पुलिस कलर’ व ध्वज प्रदान किया गया था। इस ध्वज का आकार चार फीट लंबा और तीन फीट चौड़ा होता है। इसमें दो रंग हैं ऊपर लाल रंग और नीचे नीला रंग। इसी दिन प्रादेशिक आर्म्ड कांस्टेबुलरी बल को भी पुलिस ध्वज प्रदान किया गया था।

Post Comment

You May Have Missed