SRMS CET में खेला जा रहा श्रीराम मूर्ति मेमोरियल इंटर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट सीजन-7
बरेली: एसआरएमएस कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (सीईटी) की ओर से आयोजित श्रीराम मूर्ति मेमोरियल इंटर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट सीजन-7 के पांचवें दिन नौवें मैच में नेशनल पब्लिक स्कूल ने जीके सिटी मांटेसरी स्कूल को 10 विकेट से पराजित किया। जबकि, 10वें मैच में मिशन एकेडमी स्कूल बहेड़ी ने गिरीश प्रसाद मेमोरियल स्कूल को 104 रन से हराया। सिर्फ सात रन देकर जीके सिटी मांटेसरी स्कूल के 5 बल्लेबाजों को आउट करने वाले नेशनल पब्लिक स्कूल के कप्तान अरुण यादव को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। 10वें मैच में 10 रन देकर 4 विकेट लेने वाले मिशन एकेडमी के गेंदबाज शानू गंगवार को मैन ऑफ द मैच चुना गया। ओपनर के रूप में उतरे शानू गंगवार ने एक चौके की मदद से 8 रन भी बनाए।
बरेली क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा मान्यता प्राप्त श्रीराम मूर्ति मेमोरियल इंटर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट सीजन-7 के पांचवें दिन रविवार को टूर्नामेंट का नौवां और 10वां मैच खेला गया। नौवें मैच में ग्रुप-ए की टीमों जीके मांटेसरी स्कूल और मैच 03 के विजेता नेशनल पब्लिक स्कूल के बीच मैच हुआ। इसमें नेशनल पब्लिक स्कूल के कप्तान अरुण यादव ने टॉस जीत कर जीके सिटी मांटेसरी स्कूल को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। फैसला नेशलन पब्लिक स्कूल के हक में रहा और गेंदबाजों ने जीके सिटी मांटेसरी की टीम को 9.1 ओवर में 43 रन पर पवेलियन भेज दिया।
नेशनल पब्लिक स्कूल के कप्तान बने मैन ऑफ द मैच
जीके सिटी मांटेसरी स्कूल की ओर से जशांक गंगवार ही दहाई के अंक (15 रन) तक पहुंचने वाले एक मात्र बल्लेबाज रहे। टीम को 10 रन एक्स्ट्रा के रूप में भी मिले। नेशनल पब्लिक स्कूल के कप्तान अरुण यादव ने गेंदबाजी की कमान खुद संभाली और 3.1 ओवर में एक मेडन ओवर के साथ मात्र 7 रन देकर 5 खिलाड़ियों को आउट किया और लो स्कोरिंग मैच में जीत का लक्ष्य 4.3 ओवर में हासिल कर शानदार जीत दर्ज की। अरुण यादव को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
टूर्नामेंट का 10वां मैच ग्रुप- डी की टीम गिरीश प्रसाद मेमोरियल (जीपीएम) और विजेता मैच 02 मिशन एकेडमी स्कूल के बीच दोपहर 12.00 बजे आरंभ हुआ। मिशन एकेडमी के कप्तान हिमांशु गंगवार ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम ने निर्धारित ओवर में 192 रन बनाए। इसमें हिमांशु गंगवार (39 रन, 27 गेंद, 5 चौके, 1 छक्का), हमीश (28 रन, 21 गेंद, 5 चौके), प्रसाद (23 रन, 22 गेंद, 2 चौके), अनिकेत सिंह (18 रन, 16 गेंद, 1 छक्का) और सिद्धार्थ (12 रन, 6 गेंद, 2 चौके) ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।

मिशन एकेडमी ने 104 रनों से हासिल की जीत
जीत के लिए 192 रन का आंकड़ा पार करने के दवाब में जीपीएम की टीम बिखर गई और सभी खिलाड़ी 18.3 ओवर में 88 रन बना कर पवेलियन लौट गए। जीपीएम की ओर से सिर्फ आरव शर्मा ही मिशन एकेडमी के गेंदबाजी का सामना कर सके। उन्होंने 7 चौकों की मदद से 41 गेदों पर 34 रन बनाए। यश ने भी कुछ समय पिच पर टिकने की कोशिश की और 20 रन बना कर अविजित लौटे। अन्य कोई भी बल्लेबाज दहाई के अंक तक नहीं पहुंच पाया। पांच बल्लेबाज अपना खाता भी नहीं खोल सके। जीपीएम रनों में इजाफा करने में दूसरा बड़ा योगदान मिशन एकेडमी की ओर से मिले 25 एक्स्ट्रा रनों का भी रहा। नतीजा मिशन एकेडमी ने 104 रनों से शानदार जीत हासिल की।
इस जीत में मिशन एकेडमी के ऑल राउंडर खिलाड़ी शानू गंगवार की भूमिका महत्वपूर्ण रही। उन्होंने पहले ओपनर के रूप में एक चौके की मदद से आठ रन बनाए और फिर गेंदबाजी की कमान संभालते हुए 10 रन देकर 4 विकेट लिए। इस उपलब्धि पर शानू को मैन ऑफ द मैच चुना गया। एसआरएमएस सीईटी के प्रिंसिपल एवं टूर्नामेंट के ऑर्गनाइजिंग प्रेसिडेंट डॉ. प्रभाकर गुप्ता ने मैन ऑफ द मैच की ट्रॉफी प्रदान की।
टूर्नामेंट में 20 अप्रैल के मैच
श्रीराम मूर्ति मेमोरियल इंटर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट में सोमवार (20 अप्रैल 2026) को ग्रुप- बी की टीमों हार्टमैन कॉलेज और जेपीएम के बीच टूर्नामेंट का 11वां मैच सुबह 8 बजे और ग्रुप- सी की टीम डीपीएस और विजेता मैच 04 बेदी इंटरनेशनल के बीच 12वां मैच दोपहर 12.00 बजे।