दिल्ली-राजस्थान छोड़ देश भर में पहुंचा मानसून, MP-महाराष्ट्र में बारिश से सड़कें डूबीं
नई दिल्ली: देश में मानसून अपना असर तेजी से दिखाने लगा है। मध्य प्रदेश के सात जिलों में बुधवार को तेज बारिश हुई। इंदौर में बारिश में कार नाले में गिर गई। सीहोर जिले में सड़कों पर पानी नदी की तरह बहने लगा, इसमें बाइक भी बह गईं। बिहार में बिजली गिरने से तीन और झारखंड में दो लोगों की मौत हो गई।
उत्तर प्रदेश के 25 शहरों में बुधवार को बारिश हुई। आजमगढ़, बिजनौर और मिर्जापुर में तेज बारिश के बाद सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया। ललितपुर रेलवे स्टेशन के वेटिंग हॉल और जीआरपी थाने में पानी घुस गया। फतेहपुर में आंधी से ई-रिक्शा पलट गया।
सड़क पर भरे पानी में दौड़ा करंट
वहीं, नवी मुंबई में लगातार हो रही बारिश के बीच बुधवार को सड़क पर भरे पानी में करंट फैल गया। इस दौरान नेरुल के एलपी ब्रिज के नीचे से गुजर रहीं टू-व्हीलर सवार दो छात्राओं को करंट लग गया। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गुजरात के अमरेली जिले में बुधवार सुबह से भारी बारिश हुई, जिससे राजुला तालुका की रायदी नदी में बाढ़ आ गई। इसकी चपेट में आईं महिलाओं को गांववालों ने बचाया, लेकिन 30 से ज्यादा बकरियां बह गईं।
मानसून ने बुधवार को पंजाब और हरियाणा में एंट्री कर ली। अब दिल्ली और राजस्थान को छोड़ पूरे देश में मानसून पहुंच गया है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि जुलाई में देश के ज्यादातर हिस्सों में सामान्य से कम बारिश हो सकती है।
इन राज्यों में मानसून की एंट्री
1 जुलाई: केरलम, कर्नाटक, गोवा, तमिलनाडु, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, मणिपुर, त्रिपुरा, नगालैंड, अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम, असम, मेघालय, सिक्किम, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, गुजरात, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पंजाब और हरियाणा में मानसून पहुंचा।
1 से 5 जुलाई: दिल्ली और राजस्थान।
अगले 2 दिन के मौसम का हाल
3 जुलाई: छत्तीसगढ़, तेलंगाना, ओडिशा, केरलम, गोवा, तमिलनाडु, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल, सिक्किम में भारी बारिश की संभावना है। बिहार में 50-60kmph की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है। मध्य प्रदेश, ओडिशा, पूर्वी राजस्थान और तमिलनाडु समेत कई राज्यों में तेज हवा चलेगी। राजस्थान में 30-40kmph की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ बारिश का अनुमान है। पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में हीटवेव जारी रहेगी।
4 जुलाई: आंध्र प्रदेश, झारखंड, ओडिशा में भी तेज बारिश की चेतावनी है। असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होगी। सिक्किम, गोवा, तेलंगाना और कर्नाटक में समुद्र के करीबी इलाकों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के नागपुर-अमरावती रीजन में लगातार पांचवें दिन हीटवेव का अलर्ट है।



Post Comment