Monsoon in UP: केरल पहुंचा मानसून! जानिए यूपी-बिहार और दिल्ली में कब होगी एंट्री?.
Monsoon in UP: देशभर में लोग जिस मानसून का इंतजार कर रहे थे, वह आखिरकार केरल पहुंच गया है. हालांकि इस बार मानसून के आने को लेकर कई तरह के अनुमान लगाए जा रहे थे. आखिरकार 4 जून को दक्षिण-पश्चिम मानसून ने केरल में दस्तक दी, जिसके बाद केरल समेत दक्षिण भारत के कई इलाकों में तेज बारिश शुरू हो गई है. मौसम विभाग के अनुसार अब मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और 5 जून तक यह कर्नाटक, तमिलनाडु और गोवा के कुछ हिस्सों में भी पहुंच गया है. आने वाले दिनों में यह और आगे बढ़ेगा तथा उत्तर भारत के राज्यों तक पहुंचेगा. मौसम विभाग ने बताया है कि अगले सात दिनों के दौरान केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु और गोवा में कई जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. वहीं पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में भी तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. अगले दो से तीन दिनों में मानसून मध्य अरब सागर, कर्नाटक, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी, पश्चिम-मध्य और पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी तथा पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों तक पहुंच सकता है.
Southwest Monsoon Update !
Southwest monsoon has further advance into some more parts of Karnataka, Tamilnadu and some parts of Goa on today, the 5th June 2026.#SouthwestMonsoon #MonsoonUpdate #KarnatakaWeather #TamilNaduRain #GoaWeather #RainySeason2026 #WeatherForecast… pic.twitter.com/ijTCrcDvnw
— India Meteorological Department (@Indiametdept) June 5, 2026
उत्तर भारत में बदलने वाला है मौसम
उत्तर भारत में भी मौसम बदलने वाला है. 5 और 6 जून के दौरान जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में बारिश हो सकती है. 5 जून को हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी भारी बारिश का अनुमान है. इसके अलावा 5 से 7 जून और 11 जून तक हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में बारिश हो सकती है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 5 से 6 जून और 11 जून को जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में 5 से 6 जून और 10 से 11 जून तक बारिश की संभावना है. राजस्थान में भी मौसम बदलने वाला है. पश्चिमी राजस्थान में 5 से 7 जून और पूर्वी राजस्थान में 5 से 11 जून तक बारिश होने का अनुमान है. वहीं हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 6 से 11 जून तक बारिश जारी रह सकती है. कई इलाकों में आंधी, बिजली गिरने और तेज हवाओं का भी अलर्ट जारी किया गया है.
यूपी और दिल्ली में कब पहुंचेगा मानसून?
मौसम विभाग के अनुसार मानसून अब धीरे-धीरे उत्तर भारत की ओर बढ़ेगा. महाराष्ट्र में आमतौर पर मानसून 10 जून के आसपास पहुंचता है. मध्य प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में इसके 15 जून तक पहुंचने की संभावना है, जबकि कुछ इलाकों में यह 20 जून तक पहुंच सकता है. गुजरात में मानसून आमतौर पर 20 से 25 जून के बीच पहुंचता है. उत्तर प्रदेश में मानसून के 20 से 25 जून के बीच पहुंचने का अनुमान है. वहीं बिहार में 15 जून तक मानसून आने की संभावना जताई गई है. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मानसून के पहुंचने की संभावित तारीख 25 जून बताई गई है.



Post Comment