मऊ में मंच पर भिड़े मंत्री एके शर्मा और सपा सांसद राजीव राय, कार्यकर्ताओं में भी हुई धक्का-मुक्की
मऊ: प्रदेश के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा और समाजवादी पार्टी के सांसद राजीव राय भिड़ गए। सोमवार को मेमू ट्रेन के उद्घाटन समारोह के मंच पर दोनों के बीच तीखी बहस हो गई। गुस्से में सपा सांसद ने उंगली दिखाते हुए कहा- ‘मंत्री जी, यह ठीक नहीं है। मैं यहां का सांसद हूं। मेरे सामने ही मेरे कार्यकर्ताओं को पुलिस धक्का दे रही है। आप मंत्री हो गए हैं तो आपको अहंकार हो गया है। यह घमंड ठीक नहीं है।’
मंच पर मौजूद नेताओं और अफसरों ने दोनों को शांत कराया। सपा और भाजपा कार्यकर्ता भी आपस में भिड़ गए। जमकर धक्का-मुक्की शुरू हो गई। किसी तरह पुलिस और आरपीएफ ने हालात संभाला। शाम 4 बजे रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मेमू ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मंच पर भिड़ गए सपा सांसद राजीव राय और ऊर्जा मंत्री एके शर्मा
दोनों लोग मऊ में मेमू ट्रेन के उद्घाटन समारोह में पहुंचे थे. मंच पर ही दोनों के बीच तीखी बहस होने लगी.
गुस्से में सपा सांसद ने उंगली दिखाते हुए कहा- मंत्री जी, यह ठीक नहीं है. मैं यहां का सांसद हूं. मेरे सामने ही… pic.twitter.com/nh4oGFsYlp
— Priya singh (@priyarajputlive) May 12, 2026
ऊर्जा मंत्री ने कही ये बात
हंगामे के बाद ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने कहा- ‘सपा की गुंडई और जबरदस्ती को जनता देख रही है। क्षेत्र में हो रहे सभी विकास कार्य भाजपा सरकार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और सीएम योगी के नेतृत्व में कराए जा रहे हैं। सपा केवल इन कार्यों का श्रेय लेने के लिए इस तरह का विरोध और हंगामा कर रही है।’
सांसद और मंत्री क्यों आमने-सामने आए?
ऊर्जा मंत्री एके शर्मा मधुबन विधानसभा से चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं। इसी बीच दोहरीघाट–औड़िहार के बीच मेमू ट्रेन को मंजूरी मिल गई। इस ट्रेन के चलने से इलाके के लोगों को सीधा फायदा होगा, क्योंकि वाराणसी की कनेक्टिविटी बेहतर हो जाएगी। ट्रेन को लेकर अब श्रेय लेने की होड़ मच गई है। ऊर्जा मंत्री एके शर्मा और घोसी के सांसद राजीव राय दोनों इसे अपनी उपलब्धी बता रहे हैं।
भारत के माननीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव जी का वीसी से हार्दिक स्वागत है।
उनके कर कमलों से आज दोहरीघाट-औंडीहार की नई मेमू ट्रेन का संचालन-शुभारंभ हो रहा है।
मैंने सुबह सबको बताया था कि माननीय श्री @AshwiniVaishnaw जी से मऊ-दोहरीघाट की जनता को कुछ और भी उपहार मिलेंगे।… pic.twitter.com/FK41AyGKJl
— A K Sharma (@aksharmaBharat) May 11, 2026
ट्रेन के उद्घाटन से पहले ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा- उन्होंने पहले ही बताया था कि मऊ-दोहरीघाट की जनता को कुछ और भी मिलेगा। इस मुद्दे पर उनकी रेल मंत्री से पहले भी बातचीत हुई थी और अब मंजूरी मिल गई है। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री और रेल मंत्री का धन्यवाद किया।
घोसी सांसद के कार्यालय से जारी की गई प्रेस रिलीज
घोसी से सांसद राजीव राय के कार्यालय की ओर से प्रेस रिलीज जारी की गई। इसमें कहा गया कि वर्षों से लंबित दोहरीघाट-औड़िहार मेमू ट्रेन सेवा को रेलवे बोर्ड की मंजूरी मिलना सांसद राजीव राय के लगातार प्रयासों का नतीजा है। सांसद ने इस मांग को लेकर कई बार रेल मंत्रालय को पत्र लिखा, संसद में मुद्दा उठाया और रेलवे अधिकारियों से लगातार संपर्क में रहे। इस मांग को मंजूरी दिलाने में निर्णायक भूमिका निभाई।



Post Comment