‘महाभारत’ होगी आमिर खान की आखिरी फिल्म, बोले- यह मेरा ड्रीम प्रोजेक्ट

‘महाभारत’ होगी आमिर खान की आखिरी फिल्म, बोले- यह मेरा ड्रीम प्रोजेक्ट

Mahabharat Movie: बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान ने कहा कि फिल्‍म ‘महाभारत’ उनका ड्रीम प्रोजेक्ट है और संभव है कि यही उनकी अंतिम फिल्म हो सकती है। उन्होंने कहा कि महाभारत की कहानी इतनी भावनात्मक, भव्य और गहराई से भरी हुई है कि इसे करने के बाद शायद उन्हें लगे कि अब कुछ और करने को बाकी नहीं बचा।

हाल ही में राज शमानी के पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान जब आमिर से सवाल किया गया कि अगर आमिर खान अपनी आखिरी फिल्म बना रहे हैं तो आप किस विषय पर फिल्म बनाना चाहेंगे? तो इस सवाल का जवाब देते हुए आमिर खान ने कहा, “मेरा सपना यह है कि मैं महाभारत बनाऊं और मैं अब इस पर काम शुरू कर रहा हूं। इसकी (सितारे जमीन पर) रिलीज के बाद मैं इस पर काम शुरू कर रहा हूं। 20 जून के बाद मैं महाभारत पर काम शुरू कर दूंगा।”

महाभारतके बाद शायद कुछ और बाकी न रहे

आमिर खान ने आगे कहा, “मुझे लगता है कि यह एक ऐसा काम है, ऐसा प्रोजेक्ट है, जिसे करने के बाद शायद मुझे लगे कि अब इसके बाद कुछ और करने को नहीं बचा क्योंकि इसका जो मटेरियल है, वो इतना भव्य है, अद्भुत है, परतों से भरा हुआ है। दुनिया में जो कुछ भी है, वो महाभारत में मिल जाता है। ” हालांकि, सवाल का जवाब देते हुए आमिर खान ने ये भी कहा कि मैं चाहता हूं कि काम करते-करते ही दुनिया से जाऊं, लेकिन अगर कोई आखिरी प्रोजेक्ट सोचूं तो शायद वह ‘महाभारत’ ही हो।

आमिर खान ने कहा, “वैसे तो मेरी उम्मीद है कि मैं काम करते-करते ही मरूं। जैसे कि एके हंगल जी कहा करते थे कि मैं काम करते हुए ही जाना चाहता हूं, लेकिन चूंकि आप पूछ रहे हैं, तो एक बात जो मेरे मन में आती है, वो यही है कि अगर मैंने महाभारत कर ली, तो शायद मुझे लगे कि अब इसके बाद कुछ करने को नहीं है।”

Post Comment

You May Have Missed