Lucknow Pustak Mela: पुस्तकें देती हैं सर्वांगीण ज्ञान और भारतीय संस्कृति से जोड़ने की शक्ति

Lucknow Pustak Mela: पुस्तकें देती हैं सर्वांगीण ज्ञान और भारतीय संस्कृति से जोड़ने की शक्ति
  • साहित्य किसी भी भाषा और समाज के सम्मान का आधार: योगेंद्र उपाध्याय (उच्च शिक्षा मंत्री)

Lucknow Pustak Mela: प्रदेश सरकार में उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने रवीन्द्रालय चारबाग लखनऊ में आयोजित पुस्तक मेले में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। उन्होंने कहा कि पुस्तकें ज्ञान के संचित भंडार का प्रतिनिधित्व करती हैं और समाज को संस्कार, विचार और दिशा प्रदान करती हैं। उच्च शिक्षा मंत्री ने कहा कि साहित्य किसी भी भाषा और समाज के सम्मान का आधार होता है। विद्वानों और चिंतकों द्वारा लिखे गए विचार जब पुस्तकों के रूप में संकलित होते हैं तो वे आने वाली पीढ़ियों के लिए ज्ञान का अमूल्य स्रोत बन जाते हैं। उन्होंने कहा कि पुस्तक मेले का आयोजन इस दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है क्योंकि एक ही स्थान पर विभिन्न विषयों की पुस्तकें उपलब्ध होने से पाठकों को व्यापक ज्ञान प्राप्त करने का अवसर मिलता है।

संस्कार और राष्ट्रीय चेतना से भी जोड़ती हैं पुस्तकें

उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय और महाविद्यालय विषय विशेष की शिक्षा प्रदान करते हैं, किंतु सर्वांगीण ज्ञान का विस्तार पुस्तकों के अध्ययन से ही संभव है। इसलिए पुस्तकों को मनुष्य का सबसे अच्छा मित्र, मार्गदर्शक और गुरु कहा गया है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक छात्र-छात्राएं पुस्तक मेले में आकर विभिन्न विषयों की पुस्तकों का अध्ययन करें और अपने ज्ञान का विस्तार करें। उच्च शिक्षा मंत्री ने कहा कि आज के समय में तकनीक और मोबाइल का उपयोग बढ़ा है, किंतु इसके साथ-साथ पुस्तकों के अध्ययन की परंपरा को भी जीवित रखना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति, परंपरा और जीवन मूल्यों को समझने के लिए साहित्य और पुस्तकों का अध्ययन अत्यंत आवश्यक है। पुस्तकें न केवल ज्ञान देती हैं बल्कि समाज को संस्कार और राष्ट्रीय चेतना से भी जोड़ती हैं।

Post Comment

You May Have Missed