बेंगलुरु में CJP का बारिश के बीच प्रदर्शन, एक्टर प्रकाश राज हुए शामिल; शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

बेंगलुरु में CJP का बारिश के बीच प्रदर्शन, एक्टर प्रकाश राज हुए शामिल; शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

बेंगलुरु: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने रविवार (14 जून) को बेंगलुरु में प्रदर्शन किया। इस दौरान अभिनेता प्रकाश राज भी प्रदर्शन में शामिल हुए। उनके हाथ में एक फूल था। बारिश के बीच बड़ी संख्या में लोग पोस्टर और छाते लेकर पहुंचे।

प्रदर्शनकारियों ने NEET पेपर लीक और CBSE की ऑन-स्क्रीन मार्किंग प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। इससे पहले हैदराबाद के धरना चौक पर भी प्रदर्शन हुआ था, जहां सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने लोगों को संबोधित किया।

नौ दिनों में 6 शहरों में प्रदर्शन

CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके और उनके समर्थक पिछले 9 दिनों में देश के 6 शहरों में विरोध प्रदर्शन कर चुके हैं। इस अभियान की शुरुआत 6 जून को दिल्ली के जंतर-मंतर से हुई थी। इसके बाद 11 जून को पुणे, 12 जून को लखनऊ, 13 जून को अमृतसर और अब 15 जून को बेंगलुरु और हैदराबाद में प्रदर्शन किया गया।

सोनम वांगचुक बोले- यह पार्टी बनाने का आंदोलन नहीं है

हैदराबाद में ऐक्टिविस्ट सोनम वांगचुक ने कहा, यह शिक्षा मंत्री बनने या कोई पार्टी बनाने का आंदोलन नहीं है। यह देश में युवाओं के साथ हो रही गलतियों को सुधारने का आंदोलन है। यह एक जागरण है। उन्होंने कहा कि भविष्य में हमें ऐसी लोकतांत्रिक व्यवस्था बनानी चाहिए, जहां भारत भयमुक्त हो, नफरत से मुक्त हो और हर व्यक्ति को बिना किसी सवाल के स्वतंत्रता मिले।

वांगचुक बोले- यह आंदोलन सिर्फ परीक्षाओं तक सीमित नहीं है। इसका मकसद व्यवस्था की बुनियाद को मजबूत करना भी है, जिसके लिए आगे एक रोडमैप तैयार किया जाएगा। लेकिन फिलहाल सबसे बड़ी समस्या परीक्षाओं की है।

CJP की 5 प्रमुख मांगें

  • पेपर लीक, परीक्षा रद्द होने या रिजल्ट में देरी पर हर छात्र को ₹10 हजार मुआवजा दिया जाए।
  • सभी बड़ी परीक्षाओं के लिए बैकअप डेट तय हो और 72 घंटे के भीतर दोबारा परीक्षा कराई जाए।
  • OSM के तहत होने वाली परीक्षाओं की आंसर शीट की जांच मैन्युअल (फिजिकल) तरीके से की जाए।
  • देरी से होने वाली परीक्षाओं में अभ्यर्थियों को आयु सीमा में छूट दी जाए।
  • कंप्यूटर बेस्ड परीक्षाओं का ऑडिट परीक्षा से 7 दिन पहले अनिवार्य किया जाए।

Post Comment

You May Have Missed