खान सर के कोचिंग में तोड़फोड़ के आरोपी रौशन आनंद के भाई की नेपाल में संदिग्ध मौत
पटना: पटना में खान सर के कोचिंग में तोड़फोड़ के आरोपी सहरसा निवासी और चर्चित शिक्षक रौशन आनंद के छोटे भाई प्रिंस कुमार यादव की नेपाल में मौत हो गई। विराटनगर स्थित एक होटल में प्रिंस का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। यह घटना 13 जून की देर रात हुई। घटना के बाद नेपाल पुलिस ने इसे संदिग्ध मानते हुए जांच शुरू कर दी है। हालांकि, अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, जिसके कारण मामले को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। परिजन और रौशन आनंद के समर्थक प्रिंस की हत्या का आरोप लगा रहे हैं।
इधर, पुलिस ने प्रिंस यादव के साथ मौजूद लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। बता दें कि प्रिंस यादव का नाम पहले पटना में चर्चित खान सर कोचिंग सेंटर पर हुए हमले के मामले में भी सामने आ चुका था।
परिजनों ने की निष्पक्ष जांच की मांग
प्रिंस यादव सहरसा जिले के निवासी थे और क्षेत्र में सामाजिक व राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय थे। वह जिला परिषद चुनाव लड़ने की भी तैयारी कर रहे थे। उनकी अचानक हुई मौत के बाद परिजनों और समर्थकों ने मामले की गहन एवं निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है। वहीं, घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और लोग जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।



Post Comment