Lucknow: ट्रेन के इंजन पर चढ़ीं पल्लवी पटेल, यूजीसी के नए नियमों के समर्थन में किया प्रदर्शन

Lucknow: ट्रेन के इंजन पर चढ़ीं पल्लवी पटेल, यूजीसी के नए नियमों के समर्थन में किया प्रदर्शन
  • जब तक समाज के वंचित बच्चों को अधिकार नहीं मिलेगा, तब तक हम लड़ेंगे: पल्लवी पटेल

Lucknow: सिराथू विधायक और अपना दल (कमेरावादी) की नेता पल्लवी पटेल ने हजारों कार्यकर्ताओं के साथ चारबाग रेलवे स्टेशन पर जमकर प्रदर्शन किया। दरअसल, पल्लवी यूजीसी के नए नियमों को लागू करने की मांग कर रही थीं। पार्टी कार्यकर्ता दोपहर में चारबाग में एकत्रित हुए। यहां से विधानसभा कूच करने की तैयारी करने लगे। वे सब जैसे ही बढ़े तो पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया। इससे गुस्साए कार्यकर्ता रेलवे स्टेशन की तरफ भागे। स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर पहुंचकर पल्लवी और कार्यकर्ता नारेबाजी करने लगे। इस दौरान कुछ कार्यकर्ता रेलवे ट्रैक पर उतर गए। ट्रैक पर खड़े इंजन पर चढ़ने लगे। देखते ही देखते पल्लवी भी इंजन पर चढ़ गईं और नारेबाजी करने लगीं। करीब डेढ़ घंटे तक स्टेशन पर हंगामा होता रहा।

लखनऊ में अपना दल कमेरावादी पार्टी का UGC के समर्थन में जोरदार प्रदर्शन,  रेलवे इंजन पर चढ़ीं विधायक डॉ पल्लवी - demonstration of apna dal kamerawadi  party in lucknow on ...

काफी देर तक पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की। बाद में प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर इको गार्डन भेज दिया गया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने कहा, पहले हम लोगों ने बस रोकी थी। आज रेल रोकी है। अगर जरूरत पड़ी तो हवाई जहाज भी रोकेंगे। एयरपोर्ट पर ताला लगा देंगे। दलित-पिछड़ा-आदिवासी, सबको वोट करता है, मगर कोई भी उसके अधिकार के लिए सामने नहीं आता। हम लोग मुकदमों से नहीं डरते, मुकदमा हमारे लिए मेडल की तरह है।

पुलिस सिर फोड़े, हड्डियां तोड़े लेकिन हम नहीं रुकेंगे

वहीं विधायक पल्लवी पटेल ने कहा कि यूजीसी को हम लागू करवा कर रहेंगे। लगातार सड़कों पर उतरकर संघर्ष कर रहे हैं और आगे भी करते रहेंगे। हम लोग उत्तर प्रदेश की सरकार और न्यायपालिका से जवाब मांगने आए हैं कि आखिर क्यों पिछड़ों का अधिकार छीना जा रहा है? अगर मामला सुप्रीम कोर्ट में है तो सही पैरवी होनी चाहिए और सही लोगों की आवाज वहां तक पहुंचनी चाहिए। सवर्ण समाज यूजीसी का जो विरोध कर रहा है, करता रहे। हम इसका समर्थन कर रहे हैं और करते रहेंगे। इसे लागू भी करवा लेंगे। बिना किसी देरी के यूजीसी इस देश के सभी कॉलेज, यूनिवर्सिटी में लागू होना चाहिए।

भारतीय जनता पार्टी बहुत चालाक है। खुद ही कोर्ट से रोक लगवाती है। जब इसे कोई अधिकार पिछड़े और वंचितों को नहीं देना होता है, तब यह कोर्ट से इस तरह का खेल खेलती है। भाजपा वाले एक तीर से दो काम कर रहे हैं। अपने लोगों से सड़कों पर प्रदर्शन करवा रहे हैं और कोर्ट से रोक भी लगवा रहे हैं। यूजीसी के लिए हम पिछले 3 महीने से संघर्ष कर रहे हैं। पुलिस चाहे हमारा सिर फोड़ दे, हड्डियां तोड़ दे या फिर जेल भेज दे। यह आंदोलन नहीं रुकेगा। यूजीसी लागू करके जब तक समाज के वंचित बच्चों को अधिकार नहीं मिलेगा, तब तक हम सड़क से सदन तक लड़ेंगे। हम कमेरा समाज वाले किसी बैरिकेडिंग से डरने वाले नहीं हैं।

Post Comment

You May Have Missed