Kriti Sanon: इंडस्ट्री में अपनी जगह बनाना आसान नहीं, करना पड़ता है मुश्किलों का सामना
Kriti Sanon: बॉलीवुड में अपनी अलग पहचान बनाने वाली कृति सैनन आज इंडस्ट्री की टॉप एक्ट्रेसेस में शुमार हैं. हाल ही में कृति सैनन ने नेपोटिज्म पर बेबाकी से अपनी बात रखी है. एक इंटरव्यू में कृति सैनन ने अपने फिल्मी सफर के उतार-चढ़ाव के बारे में बात की. उन्होंने खुलासा किया कि उनके करियर के शुरुआती दौर में कई बार उन्हें फिल्मों से सिर्फ इसलिए बाहर कर दिया गया ताकि किसी स्टारकिड्स को मौका दिया जा सके. उन्होंने बताया कि फिल्मी बैकग्राउंड से न आने वाले कलाकारों को इंडस्ट्री में अपनी जगह बनाने के लिए काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है.
फिल्म ‘मिमी‘ से पहले किया संघर्ष
कृति ने बताया कि फिल्म ‘मिमी’ उनके करियर का टर्निंग पॉइंट साबित हुई, लेकिन उससे पहले उन्हें लंबे समय तक संघर्ष करना पड़ा. उन्होंने कहा, ‘मिमी से पहले मैं कई बार बहुत निराश हुई. मुझे लगता था कि मैं और अच्छा कर सकती हूं, लेकिन मुझे वैसी फिल्में और मौके नहीं मिल रहे थे. कई ऐसे रोल थे जिनके बहुत करीब पहुंचने के बाद भी वे स्टारकिड्स को दे दिए गए. ये ऐसी चीज थी जो मेरे कंट्रोल में नहीं थी.’
उन्होंने कहा, ‘जब आप फिल्मी बैकग्राउंड से नहीं आते, तो आपको हमेशा इस बात का डर रहता है कि आगे काम मिलेगा या नहीं. मैंने धीरे-धीरे आगे बढ़ते हुए रिस्क लिए और सोच-समझकर फैसले किए. मुझे जो भी मौके मिले हैं, वो मैंने अपनी मेहनत से कमाए हैं. मुझे कुछ भी आसानी से नहीं मिला.’
असफलता आपको सफलता से ज्यादा सीख देती है– कृति सैनन
कृति ने कहा, ‘मेरे करियर में ऐसे भी दौर आए जब मैं बहुत कन्फ्यूज थी. मुझे समझ नहीं आ रहा था कि क्या सही है और क्या गलत. मैंने कुछ ऐसी फिल्में साइन कीं जो मेरे लिए फायदेमंद साबित नहीं हुईं. उस समय ऐसा लग रहा था कि कुछ भी काम नहीं कर रहा. आज पीछे मुड़कर देखती हूं तो लगता है कि उन मुश्किल दिनों ने मुझे बहुत कुछ सिखाया. कई बार असफलता आपको सफलता से ज्यादा सीख देती है.’
‘कॉकटेल 2′ में नजर आएंगी कृति सैनन
वर्क फ्रंट की बात करें तो कृति सैनन जल्द ही फिल्म ‘कॉकटेल 2’ में नजर आएंगी. शाहिद कपूर और रश्मिका मंदाना भी इस रोमांटिक ड्रामा फिल्म में लीड रोल में हैं. होमी अदजानिया फिल्म के निर्देशक हैं. ये फिल्म 19 जून, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.



Post Comment