Lucknow: प्रदेश में 60 प्रतिशत से अधिक गर्भवती महिलाएं सीएचसी पर सेवाएं लेती हैं। ऐसे में यदि सीएचसी स्तर पर कार्डियोटोकोग्राफी (सीटीजी) मशीन का नियमित उपयोग शुरू हो जाए, तो यह मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के लिए गेमचेंजर साबित हो सकता है। यह बात राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की निदेशक डॉ. पिंकी जोवेल ने रीजनल रिसोर्स ट्रेनिंग सेंटर के अंतर्गत आयोजित सीटीजी प्रशिक्षण कार्यशाला के उद्घाटन अवसर पर कही। इस कार्यशाला में गोरखपुर, आजमगढ़, जालौन, बदायूं और अलीगढ़ मेडिकल कॉलेजों के डॉक्टरों एवं स्टाफ नर्स ने भाग लिया। सीटीजी एक सुरक्षित और प्रभावी तकनीक है, जिसका उपयोग गर्भावस्था (विशेषकर तीसरी तिमाही) और प्रसव के दौरान अजन्मे शिशु (भ्रूण) की हृदय गति तथा गर्भाशय के संकुचन की निगरानी के लिए किया जाता है। यह जांच शिशु के स्वास्थ्य का आकलन करने और संभावित जोखिमों की समय रहते पहचान करने में मददगार होती है।
कुलपति डॉ. सोनिया नित्यानंद ने इस बात पर दिया जोर
क्वीन मैरी अस्पताल के सभागार में आयोजित इस प्रशिक्षण में डॉ. पिंकी जोवेल ने कहा कि आधुनिक तकनीकों का उपयोग निश्चित रूप से सराहनीय है, लेकिन इसके साथ ही डॉक्टरों और नर्सों के लिए जच्चा-बच्चा की क्लीनिकल जांच भी उतनी ही आवश्यक है। कई बार जो बातें मशीन नहीं बता पातीं, वे एक चिकित्सक अपने अनुभव से समझ सकता है। केजीएमयू की कुलपति डॉ. सोनिया नित्यानंद ने आरआरटीसी कार्यक्रम को विश्वविद्यालय के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि इससे मातृ एवं नवजात स्वास्थ्य सेवाओं में निश्चित रूप से सुधार आएगा। साथ ही, उन्होंने क्लीनिकल और डायग्नोस्टिक सटीकता बढ़ाने के लिए एआई-सक्षम तकनीकों को अपनाने पर जोर दिया।
बता दें कि प्रदेश के 20 मेडिकल कॉलेजों के डॉक्टरों और स्टाफ नर्स को यह प्रशिक्षण दिया जाना है। गुरुवार को दूसरे बैच ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। इससे पहले राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान, कानपुर, बांदा, बरेली, सहारनपुर और नोएडा मेडिकल कॉलेज के प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। तीसरे और अंतिम बैच का प्रशिक्षण 21 अप्रैल को आयोजित होगा। कार्यशाला का प्रमुख आकर्षण हैंड्स-ऑन स्किल स्टेशन रहा, जहां प्रतिभागियों ने वास्तविक केस परिदृश्यों के माध्यम से सीटीजी की व्याख्या का व्यावहारिक अभ्यास किया। इसके बाद मेडिकल कॉलेजों में सीटीजी परामर्श तंत्र को मजबूत करने के लिए विचार-विमर्श सत्र भी आयोजित किए गए।