उन्‍नाव में साधु का हत्यारोपी एक लाख का इनामिया इसराइल एनकाउंटर में ढेर

उन्‍नाव में साधु का हत्यारोपी एक लाख का इनामिया इसराइल एनकाउंटर में ढेर

उन्‍नाव: जिले में साधु राममिलन दास उर्फ बाबा मिलन दास सिंह (45) हत्याकांड का मुख्य आरोपी इसराइल एनकाउंटर में ढेर हो गया। पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह ने बताया कि इसराइल ने 9 जून को 4 साथियों के साथ मिलकर बाबा मिलन की हत्या की थी। साधु के भाई ने दावा किया था कि राममिलन शिव मंदिर में लाउडस्पीकर लगाकर भजन बजाते थे, जिससे आरोपी नाराज थे। इसी कारण विवाद हुआ और आरोपियों ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी। वारदात के बाद से इसराइल फरार था।

सोमवार तड़के 3:40 बजे मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने आरोपी की घेराबंदी की। खुद को घिरता देखकर उसने फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में 36 साल का इसराइल मारा गया। मुठभेड़ ताजपुर इलाके में हुई। दो दिन पहले इसराइल पर SP ने एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। कल यानी रविवार को उन्नाव सांसद साक्षी महाराज ने घटना पर कहा था कि अगर आरोपी सरेंडर नहीं करेगा तो एनकाउंटर होगा ही।

पुलिस ने ऐसे मार गिराया

SP जयप्रकाश ने बताया कि तड़के 3:40 बजे सूचना मिली कि एक लाख का इनामी इसराइल उर्फ इजराइल ताजपुर अंडरपास के पास है। वह किसी साथी का इंतजार कर रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस और एसओजी टीम ने घेराबंदी की। पुलिस ने आरोपी को सरेंडर करने के लिए कहा, लेकिन उसने टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से एसओजी सिपाही विकास भदौरिया घायल हो गया। दरोगा न्यूटन कुमार सिंह की बुलेटप्रूफ जैकेट में गोली लगी। वह बाल-बाल बच गए।

इसके बाद टीम ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी को गोली लग गई। पुलिस उसे बांगरमऊ CHC (सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र) ले गई, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। आरोपी के पास से 315 बोर का तमंचा, दो खोखा कारतूस और एक चाकू बरामद किया गया। जिस चाकू से साधु की हत्या की गई थी, उसे भी आरोपी के पास से बरामद कर लिया गया।

बदमाश के घर पर ताला लगा

इसराइल मूल रूप से बांगरमऊ कोतवाली के गांव ततियापुर का रहने वाला था। वह 20 सालों से बांगरमऊ के मोहल्ला पुरबिया टोला में रहता था और मजदूरी करता था। उसके तीन बेटे और दो बेटियां हैं। पत्नी का नाम सईदा है। घर पर ताला लगा है। इसराइल के आठ भाई थे, जिनमें से दो भाइयों की पहले मौत हो चुकी है। इसराइल पांचवें नंबर का था। भाई पप्पू की सात महीने पहले बीमारी के चलते मौत हो गई थी।

Post Comment

You May Have Missed