उत्तर प्रदेश
दिल्ली
देश-दुनिया
राजनीति
सोशल मीडिया
स्पोर्ट्स
Asia Cup 2025, Asia Cup 2025 IND vs PAK, BCCI, IND vs PAK, IND vs PAK Asia Cup 2025, IND-PAK मैच, India vs Pakistan, India-Pakistan Asia Cup match, India-Pakistan match, Indian Cricket Team, Pahalgam attack, Team India, एशिया कप 2025, टीम इंडिया, पहलगाम हमला, बीसीसीआई, भारत बनाम पाकिस्तान, भारत-पाकिस्तान एशिया कप मैच, भारत-पाकिस्तान मैच, भारतीय क्रिकेट टीम
Shailendra Singh
0 Comments
IND-PAK मैच का विरोध: दुबई नहीं जाएंगे BCCI के ज्यादातर अफसर, शुभम की पत्नी बोलीं- बॉयकाट करें; केजरीवाल की धमकी- मैच ना दिखाएं
नई दिल्ली: एशिया कप 2025 में रविवार यानी आज दुबई में भारत का मुकाबला पाकिस्तान से होना है। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम हमले और ऑपरेशन सिंदूर के बाद ये पहला मौका है, जब दोनों देशों की टीमें आमने-सामने होंगी। हालांकि, इस मुकाबले का जमकर विरोध हो रहा है और मैच न कराने की अपील की जा रही है।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) टूर्नामेंट का ऑफिशियल होस्ट है, लेकिन बोर्ड के अधिकतर अधिकारी मैच देखने नहीं जाएंगे। हालांकि, बोर्ड के कार्यकारी अध्यक्ष राजीव शुक्ला जा सकते हैं, क्योंकि वे एशियन क्रिकेट काउंसिल के मेंबर भी हैं।
शुभम की पत्नी ऐशन्या ने की बायकॉट की अपील
इधर, पहलगाम हमले में मारे गए कानपुर के शुभम द्विवेदी की पत्नी ऐशन्या ने मैच का बायकॉट करने की अपील की है। उन्होंने कहा- ‘मेरी आंखों के सामने पति को गोली मारी गई। 26 लोग मारे गए। ऑपरेशन सिंदूर में कई जवानों की जान गई। इसके बावजूद मैच कराया जा रहा है।’
पीएम मोदी से मैच का प्रसारण रोकने की अपील
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा, पहलगाम में जो हुआ इसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। वहीं, फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) ने पीएम मोदी को पत्र लिखकर भारत-पाकिस्तान एशिया कप मुकाबले के प्रसारण को रोकने की अपील की है।
उद्धव ने कहा- क्रिकेट मैच खेलना देशभक्ति का मजाक
शिवसेना UBT के प्रमुख उद्धव ठाकरे ने कहा, ‘भारतीय सैनिक सीमा पर अपनी जान कुर्बान कर रहे हैं, जबकि पाकिस्तान आतंकवाद को बढ़ावा देता है, ऐसे में क्रिकेट मैच खेलना देशभक्ति का मजाक है। मोदी सरकार ने देशभक्ति को व्यापार बना दिया है।’
केजरीवाल ने कहा- यह देश के साथ धोखा
AAP ने भी दिल्ली में भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि क्लब, पब और रेस्टोरेंट्स मैच ना दिखाएं। अगर ऐसा हुआ तो हम प्रदर्शन करेंगे। यह देश के साथ धोखा है।
प्रधान मंत्री जी को पाकिस्तान के साथ मैच करवाने की आख़िर क्या ज़रूरत है? सारा देश कह रहा है कि ये मैच नहीं होना चाहिए। फिर ये मैच क्यों करवाया जा रहा है?
क्या ये भी ट्रम्प के दबाव में किया जा रहा है? आख़िर ट्रम्प के आगे कितना झुकोगे? https://t.co/Wy8LPOBlHE
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) September 13, 2025
वहीं, सौरभ भारद्वाज ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में पाकिस्तानी क्रिकेटरों द्वारा शेयर की गई एक सोशल मीडिया पोस्ट का जिक्र किया। इस पोस्ट में पाकिस्तान आर्मी चीफ असीम मुनीर को एक महिला के बालों की मांग में सिंदूर भरते हुए दिखाया गया था, जो भारतीय तिरंगे में रंगी हुई थी।
जम्मू और कश्मीर छात्र संघ ने जारी की एडवाइजरी
उधर, जम्मू और कश्मीर छात्र संघ ने शनिवार को एडवाइजरी जारी की। इसमें कश्मीरी छात्रों से मैच को खेल भावना से देखने और आपत्तिजनक सोशल मीडिया पोस्ट से बचने की अपील की।
अजित पवार बोले- मैच पर अलग-अलग राय होना आम बात
महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री और एनसीपी नेता अजित पवार ने कहा, “भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच को लेकर उचित मंच पर निर्णय लिया गया है। देश की आबादी 140 करोड़ है। इतने विशाल देश में क्रिकेट मैच को लेकर राय में मतभेद होना स्वाभाविक है।”
महाराष्ट्र सरकार में मंत्री नितीश राणे ने उद्धव ठाकरे के बयान का जवाब दिया। कहा, “आदित्य ठाकरे खुद बुर्का पहनकर ये मैच देखेंगे और पाकिस्तान के नारे भी लगाएंगे।”
भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा- “जब एसीसी या आईसीसी के बहुराष्ट्रीय टूर्नामेंट आयोजित किए जाते हैं, तो देशों के लिए भाग लेना मजबूरी और जरूरी होता है। यदि वे ऐसा नहीं करते, तो उन्हें टूर्नामेंट से बाहर कर दिया जाएगा।”
पहलगाम हमले में हुई थी 26 पर्यटकों की मौत
22 अप्रैल, 2025 को कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 पर्यटकों की गोली मार के हत्या कर दी गई थी। हमले के जवाब में भारत ने 6-7 मई की रात को ऑपरेशन सिंदूर किया था, जिसमें पाकिस्तान में स्थित 9 आतंकी ठिकानों को ध्वस्त किया गया। इसमें 100 से ज्यादा आतंकियों की मौत हुई थी। पाकिस्तान ने भारत की कार्रवाई का जवाब देते हुए हमला किया। 10 मई को दोनों देशों के बीच सीजफायर का ऐलान हुआ। हमले के बाद से अबतक दोनों देशों के बीच स्थिति सामान्य नहीं हो पाई है।
एशिया हॉकी कप में पाकिस्तान की टीम ने खेलने से मना किया था
एशिया हॉकी कप 2025 (मेंस) 29 अगस्त से 7 सितंबर तक बिहार के राजगीर में खेला गया था, जो 2026 FIH वर्ल्ड कप का क्वालीफायर था। पाकिस्तान ने टूर्नामेंट से सुरक्षा का हवाला देते हुए भारत आने से मना कर दिया था। इसके अलावा इंग्लैंड में हुए वर्ल्ड चैंपियंस ऑफ लेजेंड्स में भी भारतीय क्रिकेटरों ने भी पाकिस्तान के साथ खेलने से मना कर दिया था।



Post Comment