Ayodhya: मिल्कीपुर में भाजपा 25 हजार वोटों से आगे, सपा सांसद अवधेश बोले- BJP ने बेईमानी का रिकॉर्ड तोड़ दिया

Ayodhya: मिल्कीपुर में भाजपा 25 हजार वोटों से आगे, सपा सांसद अवधेश बोले- BJP ने बेईमानी का रिकॉर्ड तोड़ दिया

अयोध्‍या: अयोध्या की मिल्कीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव की काउंटिंग आज जारी है। हर राउंड में बीजेपी की लीड बढ़ती जा रही है। अब तक 30 में से 9 राउंड की गिनती पूरी हो चुकी है, जिसमें भाजपा के चंद्रभानु पासवान 25,378 वोटों से आगे चल रहे हैं। भाजपा कार्यालय में जश्न का माहौल है और हलवाई लड्‌डू बना रहे हैं।

उप मुख्‍यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि मिल्कीपुर में भाजपा जीत रही है। समाजवादी पार्टी जब भी हारती है तो बेबुनियाद आरोप लगाती है। प्रदेश की जनता यह बात भली-भांति जानती है।

सपा ने भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया- मंत्री दानिश आजाद

मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा, दिल्ली में आम आदमी पार्टी और उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी से जनता परेशान हो गई है। इन्होंने जनता की भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया। ये स्वीकार्य नहीं है। जनता ने भाजपा पर विश्वास दिखाया है। सपा और AAP को अपनी हार स्वीकार करनी चाहिए। उत्तर प्रदेश में सपा का जो हाल हुआ है, दिल्ली में AAP का वही हाल होने वाला है।

बता दें कि अगर मिल्कीपुर में भाजपा जीतती है तो 8 साल बाद फिर से सीट पार्टी के खाते में जाएगी। बड़ी बात यह है कि लोकसभा चुनाव 2024 में इसी विधानसभा सीट पर बीजेपी सात हजार वोट से सपा से हार गई थी।

भाजपा ने बेईमानी का रिकॉर्ड तोड़ दिया- अवधेश प्रसाद

सांसद अवधेश प्रसाद ने मिल्कीपुर उपचुनाव पर कहा, मिल्कीपुर विधानसभा उपचुनाव की मतगणना चल रही है। भाजपा ने बेईमानी का रिकॉर्ड तोड़ दिया। हमने कई बार चुनाव आयोग के सामने पूरी बात रखी। हमारी सारी शिकायतें चुनाव में साबित हो रही थी। भाजपा के गुंडे बूथ कैप्चर कर रहे थे, लेकिन चुनाव आयोग ने कुछ नहीं किया। इसके बावजूद भाजपा हारेगी। सपा का उम्मीदवार जीतेगा।

क्यों हुआ उपचुनाव?

मिल्कीपुर से अवधेश प्रसाद सपा विधायक थे। 2024 लोकसभा चुनाव में सपा ने उन्हें लोकसभा चुनाव लड़वाया। वह अयोध्या (फैजाबाद) से सांसद बन गए। तब से यह सीट खाली थी। मिल्कीपुर में उपचुनाव दिसंबर में होने थे, लेकिन भाजपा नेता गोरखनाथ ने अवधेश प्रसाद के खिलाफ हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर रखी थी। इसमें उनका नामांकन रद्द करने की मांग की थी। हालांकि, बाबा में उन्होंने याचिका वापस ले ली थी।

Post Comment

You May Have Missed