जम्मू-कश्मीर में आई फ्लैश फ्लड, चार लोगों की मौत; 250 गाड़ियां बहीं

जम्मू-कश्मीर में आई फ्लैश फ्लड, चार लोगों की मौत; 250 गाड़ियां बहीं

नई दिल्‍ली: जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में शनिवार देर रात भारी बारिश के बाद फ्लैश फ्लड आ गई। इससे धारहाल नदी उफान पर है और न्यू बस स्टैंड बेला इलाके में पानी भर गया। लगभग 200 से 250 गाड़ियां बह गईं। उधर, पुंछ में रातभर हुई भारी बारिश के कारण चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लापता हैं।

इस हादसे में एक महिला लापता हो गई है, जबकि कई घर, गाड़ी और दुकानें बाढ़ के तेज बहाव में बह गईं। प्रशासन और राहत एजेंसियां मौके पर पहुंचकर बचाव और राहत कार्य में जुटी हैं।

उत्‍तराखंड-बंगाल के लिए भारी बारिश का अलर्ट

देश में मानसून के दूसरी बार एक्टिव होने से दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, हिमाचल, उत्तर प्रदेश, बिहार, सिक्किम, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश जारी है। रविवार को भी उत्तराखंड और सिक्किम, बंगाल के लिए भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है।

वहीं, शनिवार को लैंडस्लाइड के बाद उत्तराखंड में केदारनाथ यात्रा के रूट पर घोड़े-खच्चरों की सेवाएं रोक दी गईं और कैलाश-मानसरोवर यात्रियों का एक जत्था भी रुक गया।

अरुणाचल में बाढ़ से डेढ़ लाख प्रभावित, केदारनाथ रूट पर लैंडस्लाइड

अरुणाचल में बाढ़ और भूस्खलन के इस दौर में अब तक सात लोगों की मौत हो चुकी है, 29 लोग घायल हुए हैं और 1,49,257 लोग प्रभावित हुए हैं। मानसून की मार से कुल 26 जिले, 328 सर्कल और 576 गांव प्रभावित हुए हैं।

इधर, पिथौरागढ़ में, कैलाश-मानसरोवर यात्रा का चौथा जत्था, जिसमें 50 तीर्थयात्री शामिल हैं धारचूला बेस कैंप में रोक दिया गया है। बेस कैंप के इंचार्ज धन सिंह बिष्ट ने बताया कि गरबाधार में भूस्खलन के कारण गुंजी जाने वाला रास्ता बंद हो गया है।

अगले 2 दिन के मौसम का हाल

20 जुलाई: जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, हिमाचल में भारी बारिश का रेड अलर्ट है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, यूपी, बिहार, असम, मेघालय और सिक्किम, बंगाल में बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। पूर्वी राजस्थान, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा, नगालैंड, मणिपुर मिजोरम, त्रिपुरा और केरल में भारी बारिश होगी।

21 जुलाई: जम्मू-कश्मीर, हिमाचल में भारी बारिश का रेड अलर्ट है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तराखंड, और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। पूर्वी यूपी, बिहार, असम, मेघालय और सिक्किम, बंगाल, पूर्वी राजस्थान, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और महाराष्ट्र में भी भारी बारिश होगी। कर्नाटक और तेलंगाना में तेज हवाएं चल सकती हैं।

Post Comment

You May Have Missed