नोएडा में 28 मंजिला अपार्टमेंट में आग लगी, फ्लैट छोड़कर भागे लोग
नोएडा: नोएडा में एक हाईराइज अपार्टमेंट में सेक्टर-75 में IVY काउंटी सोसाइटी के 28 मंजिला बिल्डिंग के 12वें फ्लोर में आग लग गई। तेज हवा के चलते आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते फ्लैट की खिड़कियों से ऊंची लपटें निकलने लगीं। आसमान में काले धुएं का गुबार फैल गया। सोसाइटी में अफरा-तफरी मच गई। लोग सीढ़ियों से बाहर भागे। इस दौरान मची आपाधापी में कई लोग घबरा गए। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची। रेस्क्यू शुरू किया गया।
शुरुआत में दमकल की जो गाड़ियां आईं, उनका पानी 6 फ्लोर तक ही पहुंच पाया। जबकि आग 12वीं फ्लोर में लगी थी। कुछ देर बाद हाईड्रोलिक क्रेन मंगाई गई। इसके बाद फ्लैट में पानी डाला गया। राहत की बात यह रही कि बिल्डिंग में फायर सेफ्टी उपकरण लगे थे, इसकी मदद से करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। एहतियात के तौर पर आसपास के टॉवर को भी खाली कराया गया। फिलहाल किसी जनहानि की सूचना नहीं है।
15 लोगों को सुरक्षित निकाला गया बाहर
इस बीच, नोएडा में आग लगने की एक और घटना हुई। सेक्टर-52 के ‘ई-3 शताब्दी विहार’ के पेइंग गेस्ट (PG) आवास में आग लग गई। यहां बहुमंजिला इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर रेस्टोरेंट है। ऊपरी मंजिलों पर छात्रों के लिए पीजी है। आग रेस्टोरेंट में लगे फ्रीजर में शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी। ऊपर फंसे 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। आग पर काबू पा लिया गया है।
CFO प्रदीप कुमार ने बताया कि आईवीवाय काउंटी सोसाइटी के 28 मंजिला बिल्डिंग में 12वें फ्लोर के फ्लैट में लगी। आग फ्लैट नंबर 1204 शुरू हुई। देखते ही देखते 1203 को भी चपेट में ले लिया। फायर ब्रिगेड टीम ने हाइड्रोलिक क्रेन और बिल्डिंग में लगे फायर सेफ्टी उपकरणों की वजह से आग पर काबू पाया। फायर सर्विस यूनिट द्वारा टीम बनाकर 15 व्यक्तियों को सकुशल बाहर निकाला गया। आग पर काबू पाया गया। कोई जनहानि नहीं हुई है।
ऊपर फंसे सभी लोगों को निकाला गया बाहर
CFO प्रदीप कुमार चौबे ने बताया- सेक्टर 52 में ग्राउंड फ्लोर पर एक रेस्टोरेंट बना हुआ है। हम लोग पहले ही सेक्टर 75 में आग बुझा रहे थे, जहां काउंटी सोसाइटी में फ्लैट की 12वीं मंजिल पर आग लगी थी। वहां से और अन्य जगहों से तत्काल टीमों को रवाना किया गया। यहां पर शुरूआत में लोगों के फंसे होने की सूचना प्राप्त हुई थी, लेकिन हमारा रिस्पॉन्स टाइम इतना अच्छा रहा कि तत्काल हमारी गाड़ियां मौके पर पहुंची और हमारी टीमों ने अंदर घुसकर आग को बुझा दिया। जो ऊपर कुछ लोग फंसे हुए थे, उन्हें भी निकाला गया है।



Post Comment