यूपी पुलिस दरोगा भर्ती का फाइनल रिजल्ट जारी, 4543 अभ्यर्थियों का हुआ चयन
लखनऊ: उत्तर प्रदेश पुलिस में दरोगा भर्ती परीक्षा-2025 का फाइनल रिजल्ट मंगलवार रात जारी कर दिया गया। इसमें कुल 4543 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है, जिनमें 954 महिलाएं शामिल हैं। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) ने पदवार और श्रेणीवार चयन सूची आधिकारिक वेबसाइट uppbpb.gov.in पर अपलोड कर दी है।
बोर्ड ने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए बताया कि लिखित परीक्षा में शामिल सभी अभ्यर्थियों के प्रसामान्यीकृत (Normalized) नंबर 22 जुलाई 2026 को जारी किए जाएंगे। भर्ती बोर्ड जल्द एक अलग से नोटिस जारी करेगा। अभ्यर्थी उसी दिन बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक के माध्यम से अपने अंक देख सकेंगे।

07 मई को लिखित परीक्षा का रिजल्ट जारी हुआ था
भर्ती बोर्ड ने दरोगा भर्ती के लिए लिखित परीक्षा 14 और 15 मार्च 2026 को चार पालियों में कराई थी। ऑनलाइन आवेदन अगस्त-सितंबर 2025 में मांगे गए थे। 15,75,760 अभ्यर्थियों ने आवेदन फॉर्म भरा था। 10,77,403 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी थी। 7 मई को लिखित परीक्षा का रिजल्ट जारी किया गया था। 12,333 अभ्यर्थी पास हुए और 10 लाख 65 हजार 70 अभ्यर्थी फेल हो गए थे।
अभ्यर्थियों ने 160 सवालों में से 20 पर आपत्ति जताई थी। 8 सवाल के विकल्प गलत निकले। इसलिए सभी अभ्यर्थियों को इन सवालों के नंबर दिए गए थे। इसी दरोगा भर्ती परीक्षा में अवसरवादी के ‘पंडित’ विकल्प वाले सवाल पर विवाद हुआ था। हालांकि, बोर्ड ने इस सवाल में कोई बदलाव नहीं किया।
किस पद पर कितने अभ्यर्थी चयनित?
उप निरीक्षक नागरिक पुलिस (SI)- 4,242
प्लाटून कमांडर (PAC)/उप निरीक्षक सशस्त्र पुलिस- 135
प्लाटून कमांडर विशेष सुरक्षा बल (SSF)- 60
महिला बटालियन उप निरीक्षक (SI)- 106
15 से 17 जून तक डीवी और पीएसटी
15 जून से 17 जून 2026 तक डॉक्यूमेंट की जांच (DV) और शारीरिक मानक परीक्षण (PST) का आयोजन किया गया, जिसमें 11,637 अभ्यर्थी पास हुए। इसके ठीक बाद 29 जून से 4 जुलाई 2026 तक दौड़ यानी शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) कराई गई, जिसे 9,758 अभ्यर्थियों ने सफलतापूर्वक पूरा किया।
बोर्ड ने कुल 4,543 उम्मीदवारों को अंतिम रूप से चयनित किया है। कैटेगरी के हिसाब से देखें तो सामान्य वर्ग से कुल 1,200 अभ्यर्थी, ओबीसी के 2,240, एससी के 1,017 और एसटी कैटेगरी के 86 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए हैं। इस परीक्षा में बेटियों ने भी कमाल किया है और कुल 954 महिला अभ्यर्थियों ने सब-इंस्पेक्टर का पद हासिल कर गौरव बढ़ाया है।



Post Comment