Smart Meter का रिचार्ज खत्म होने पर नहीं कटेगी बिजली, दो लाख कंज्यूमर्स को राहत
आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में एक किलो वॉट के बिजली उपभोक्ताओं की रिचार्ज खत्म होने पर बिजली नहीं कटेगी। स्मार्ट मीटर को रिचार्ज कराने के लिए अब उन्हें तीन के बजाय 30 दिन तक का समय मिलेगा। इस व्यवस्था से जिले में लगभग दो लाख उपभोक्ताओं को फायदा होगा। रिचार्ज खत्म होने पर उनकी बत्ती गुल नहीं होगी।
दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के आगरा जोन में लगभग 4.50 लाख उपभोक्ता हैं। 1.70 लाख उपभोक्ताओं के घर स्मार्ट मीटर लग चुके हैं, अन्य 2.70 लाख उपभोक्ताओं के पुराने मीटर स्मार्ट मीटर से बदले जा रहे हैं। 1.70 लाख उपभोक्ताओं में लगभग 22 हजार उपभोक्ता ऐसे हैं, जिन्होंने बिल जमा नहीं किया। उनके घर जाकर विद्युत विभाग बिल जमा कराने को दरवाजा खटखटा रहा है। ऐसे उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर के प्रति जागरूक करने के लिए 114 केंद्रों पर शिविर लगाए जाएंगे।
मोबाइल नंबर कराएं रजिस्टर्ड
मुख्य अभियंता कपिल सिंधवानी ने बताया कि स्मार्ट मीटर में बिजली 2 प्रतिशत सस्ती मिलेगी। एक किलो वॉट तक के उपभोक्ताओं को रिचार्ज कराने के लिए 30 दिन तक समय मिलेगा। उनकी बिजली तत्काल नहीं कटेगी। हालांकि 2 किलो वॉट से अधिक क्षमता वाले कनेक्शन के लिए कोई राहत नहीं है। उन्होंने बताया कि स्मार्ट मीटर के बाद मैनुअल बिलिंग बंद हो गई है। उपभोक्ता अपना मोबाइल नंबर रजिस्टर्ड कराएं। मोबाइल नंबर पर ही बिल व रिचार्ज संबंधी में अन्य जानकारियां मिलेंगी। इसके अलावा uppcl.org के माध्यम से भी उपभोक्ता ऑनलाइन बिल जमा करा सकते हैं।



Post Comment