लखनऊ में नोटिस के बाद भी 493 स्कूली वाहनों की फिटनेस अधूरी, अब होगी कार्रवाई
लखनऊ: उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग की ओर से नोटिस जारी किए जाने के बावजूद 493 स्कूली वाहनों की फिटनेस अब तक नहीं कराई गई है। इनमें कई प्रतिष्ठित स्कूलों के वाहन और निजी संचालित स्कूल वैन भी शामिल हैं। अब परिवहन विभाग ऐसे वाहनों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की तैयारी में है।
राजधानी में लगभग 4,500 स्कूली वाहन संचालित हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही पर जोर देते रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद बड़ी संख्या में वाहन निर्धारित मानकों का पालन नहीं कर रहे हैं। ट्रांसपोर्टनगर आरटीओ कार्यालय ने संबंधित वाहन स्वामियों को फिटनेस, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र, परमिट और अन्य जरूरी दस्तावेज दुरुस्त कराने के लिए नोटिस जारी किए थे।
दस्तावेज दुरुस्त न कराने वालों पर होगी कार्रवाई
नोटिस मिलने के बाद भी 493 वाहन स्वामियों ने निर्धारित समय में फिटनेस और अन्य जरूरी औपचारिकताएं पूरी नहीं कीं। इसे देखते हुए परिवहन विभाग अब विशेष चेकिंग अभियान शुरू करेगा। अभियान के दौरान बिना फिटनेस और जरूरी दस्तावेजों के संचालित मिलने वाले स्कूली वाहनों को सीज किया जाएगा।
ARTO (प्रशासन) प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि नियमों की अनदेखी करने वाले स्कूली वाहनों के खिलाफ जल्द ही विशेष अभियान चलाया जाएगा। बच्चों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



Post Comment