कॉकरोच जनता पार्टी के इंस्टाग्राम पर 2 करोड़ फॉलोअर्स, फाउंडर के माता-पिता बोले- डर है बेटा गिरफ्तार न हो जाए
नई दिल्ली: इन दिनों हर तरफ ‘कॉकरोज जनता पार्टी’ की चर्चा है। वहीं, पेज के इंस्टाग्राम पर अचानक लोकप्रिय होने से उसके फाउंडर अभिजीत दीपके के माता-पिता बहुत ज्यादा परेशान हो गए हैं। उन्हें डर है कि उनका बेटा किसी मुसीबत में पड़ सकता है। उसे गिरफ्तार भी किया जा सकता है।
अभिजीत के पेरेंट्स भगवान और अनीता दीपके महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में रहते हैं। दोनों ने गुरुवार को एक मराठी न्यूज चैनल को बताया, “हम अपने बेटे को राजनीति में नहीं भेजना चाहते थे। अभिजीत के इस कदम के बारे में सुनकर हमारी रातों की नींद उड़ गई है।”
पेरेंट्स नहीं चाहते बेटा राजनीति में जाए
मां अनीता दीपके ने कहा, हम बस यही चाहते हैं कि वह सुरक्षित घर लौट आए। वह राजनीति में रहेगा या नहीं, यह उसका फैसला होगा, लेकिन हम नहीं चाहते कि वह इसे आगे बढ़ाए। मैं इसमें उसका साथ नहीं दूंगी। पिता भगवान ने कहा, आज का माहौल देखकर डर लगना स्वाभाविक है। चाहे उसके कितने भी फॉलोअर्स क्यों न हों। उसने खुद भी भारत लौटने पर गिफ्तार होने का डर जाहिर किया है। वह मशहूर हो गया है, और ऐसे लोगों को अक्सर गिरफ्तार कर लिया जाता है। पिछली दो रातों से मैं इसी चिंता में सो नहीं पाया हूं कि उसके साथ क्या हो सकता है।
अभिजीत की मां ने कहा कि हमें कॉकरोच पार्टी के बारे में अपने एक पड़ोसी से पता चला था। मैं चाहती हूं, बेटा राजनीति से दूर रहे। वह AAP के साथ काम कर चुका था। उस समय भी मैंने उससे कहा था कि हमारा राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है और उसे कोई नौकरी कर लेनी चाहिए।
क्या है मामला?
दरअसल, सीजेआई सूर्यकांत ने 15 मई को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान देश के बेरोजगार युवाओं को ‘कॉकरोच’ कहा था। 16 मई को उन्होंने सफाई दी और कहा- ‘मैंने युवाओं की आलोचना नहीं की थी। मेरे बयान को गलत ढंग से देखा गया।’ मगर, इस बीच सोशल मीडिया पर 16 मई को सुबह 11.33 बजे अभिजीत दीपके नाम के शख्स ने ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ नाम का प्लेटफॉर्म बना दिया। इसके फॉलोअर्स बहुत तेजी से बढ़े।
शुक्रवार दोपहर 1 बजे तक यह आंकड़ा 2 करोड़ पहुंच गया है। जो देश की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टियों भारतीय जनता पार्टी (90 लाख) और कांग्रेस (1.34 करोड़ फॉलोअर्स) से भी ज्यादा है।
X अकाउंट बंद हुआ तो नया बनाया, इंस्टाग्राम अकाउंट भी हैक होने का आरोप
अभिजीत ने अपने पर्सनल X अकाउंट पर यह स्क्रीन शॉट शेयर किया। उनका दावा है कि इसे हैक करने की कोशिश हुई।

इससे पहले 21 मई को CJP का X अकाउंट ब्लॉक कर दिया गया था। जब पुराना अकाउंट बंद हुआ, तब 1.93 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स थे। संगठन ने कुछ देर बाद नया अकाउंट बनाया। इसका नाम ‘कॉकरोच इज बैक’ रखा गया और बायो में लिखा- कॉकरोच डोंट डाय, यानी कॉकरोच मरते नहीं।

नए अकाउंट से पहली पोस्ट कल दोपहर 2:29 बजे की गई थी। शुक्रवार दोपहर 1 बजे तक इसके X पर 1.50 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हो गए हैं। अभिजीत ने पार्टी के इंस्टाग्राम अकाउंट हैक करने की कोशिश का आरोप भी लगाया है।
X अकाउंट ब्लॉक होने पर अभिजीत ने कहा- जैसा सोचा, वैसा ही हुआ

CJP ने खुद को राजनीति पार्टी बताया
CJP अपनी वेबसाइट पर खुद को उन लोगों की राजनीतिक पार्टी बताती है, जिन्हें व्यवस्था ने कभी गिनती में नहीं लिया। वेबसाइट पर लिखा है- पांच मांगें, कोई स्पॉन्सर नहीं, लेकिन बड़ा और जिद्दी झुंड।
वेबसाइट में मैनिफेस्टो, विजन, एलिजिबिलिटी और कॉन्टैक्ट जैसे सेक्शन भी हैं। खुद को यह आलसी और बेरोजगारों की आवाज भी बताती है। इसका नारा है- ‘सेक्युलर, सोशलिस्ट, डेमोक्रेटिक, लेजी।’ इसका लोगो भी बनाया गया था।
कॉकरोच जनता पार्टी ने पार्टी जॉइन करने के लिए 4 जरूरी योग्यताएं रखी हैं- अनएम्प्लॉइड, लेजी, क्रॉनिकली ऑनलाइन, एबिलिटी टू रैंट प्रोफेशनली।
मैनिफेस्टो में 5 बड़े वादे
अगर CJP सत्ता में आई, तो किसी भी रिटायर्ड चीफ जस्टिस को राज्यसभा भेजने जैसी “इनाम वाली राजनीति” खत्म कर दी जाएगी।
किसी भी वैध वोट को डिलीट करने पर मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ UAPA के तहत कार्रवाई होगी। पार्टी का कहना है कि वोटिंग राइट छीनना लोकतंत्र पर हमला है।
महिलाओं को सिर्फ 33% नहीं, बल्कि 50% आरक्षण दिया जाएगा। यह आरक्षण संसद से लेकर कैबिनेट तक लागू होगा और इसके लिए सांसदों की संख्या भी नहीं बढ़ाई जाएगी।
अंबानी और अडाणी समूह से जुड़े सभी मीडिया संस्थानों के लाइसेंस रद्द करने की बात कही गई है, ताकि “स्वतंत्र मीडिया” को जगह मिल सके। साथ ही कथित ‘गोदी मीडिया’ एंकरों के बैंक अकाउंट्स की जांच कराने का भी वादा किया गया है।
कोई विधायक या सांसद अगर दलबदल करता है, तो उस पर चुनाव लड़ने से रोक लगाने और अगले 20 साल तक किसी भी पब्लिक ऑफिस का पद न देने की बात कही गई है।
CJI ने कहा था- कुछ युवा कॉकरोच की तरह भटक रहे
15 मई, 2026 को सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने एक याचिका पर सुनवाई के दौरान युवाओं पर टिप्पणी की थी। लाइव लॉ के मुताबिक, CJI सूर्यकांत ने कहा, ‘कॉकरोच की तरह ऐसे युवा हैं, जिन्हें इस पेशे में रोजगार नहीं मिल रहा है। इनमें से कुछ मीडिया, कुछ सोशल मीडिया और कुछ RTI और दूसरे तरह के एक्टिविस्ट बन रहे हैं। ये हर किसी पर हमला करना शुरू कर देते हैं।’
इसके अगले दिन कॉकरोच जनता पार्टी नाम से डिजिटल पहल शुरू हुआ। वहीं CJI ने अपने बयान पर विवाद बढ़ने पर सफाई दी। उन्होंने कहा कि उनकी टिप्पणी को गलत तरीके से पेश किया गया।



Post Comment