बरेली में अनियंत्रित होकर पलटा CNG टैंकर, बड़ा हादसा होने से बचा
बरेली: जिले के बारादरी थाना क्षेत्र स्थित संजय नगर के महर्षि चौक पर सोमवार सुबह करीब 5 बजे सीएनजी से भरा टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। गनीमत रही कि टैंकर लगभग खाली था और उसमें केवल 5 से 10 प्रतिशत गैस बची थी, जिससे हादसा टल गया।
घटना के बाद प्रशासन और दमकल विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। हादसे वाली जगह के पास पेट्रोल पंप और घनी आबादी होने के कारण एहतियात के तौर पर पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई।
स्पीड ब्रेकर पर फिसला टायर, पलटा टैंकर
ड्राइवर ने बताया कि टैंकर हल्द्वानी से गैस खाली करके लौट रहा था। बारिश के कारण सड़क गीली थी। महर्षि चौक के स्पीड ब्रेकर पर ब्रेक लगाने के दौरान दाहिनी ओर का टायर फिसल गया, जिससे टैंकर अनियंत्रित होकर महर्षि कश्यप की प्रतिमा के फाउंडेशन से टकराते हुए पलट गया। हादसे में चालक को मामूली चोटें आई हैं। किसी अन्य के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी (FSO) संजीव यादव ने बताया कि टक्कर के कारण टैंकर के वॉल्व क्षतिग्रस्त हो गए हैं। ऐसे में बची हुई गैस के रिसाव की आशंका को देखते हुए तत्काल आसपास की बिजली आपूर्ति बंद करा दी गई है। प्रशासन ने टैंकर के चारों ओर करीब 200 मीटर क्षेत्र में बैरिकेडिंग कर सुरक्षित घेरा बना दिया है, ताकि कोई व्यक्ति वहां न पहुंच सके।



Post Comment