Varanasi: काशी में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए बड़ी सुविधा शुरू होने जा रही है. शहर में बढ़ती भीड़ और सुरक्षा जरूरतों को देखते हुए डिजिटल लगेज लॉकर की व्यवस्था लागू की जाएगी. इस पहल से अब लोगों को अपने कीमती सामान की चिंता किए बिना गंगा स्नान और बाबा विश्वनाथ के दर्शन करने में आसानी होगी. योजना के तहत काशी के प्रमुख और भीड़भाड़ वाले इलाकों में ये डिजिटल लॉकर स्थापित किए जाएंगे. इनमें दशाश्वमेध प्लाजा, गोदौलिया, टाउन हॉल और बेनियाबाग जैसे महत्वपूर्ण स्थान शामिल हैं. ये सभी जगहें घाटों और मंदिरों के बेहद करीब हैं, जहां रोजाना हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं.
4 अलग–अलग साइज में उपलब्ध होगी सुविधा
इस डिजिटल लॉकर को इस तरह डिजाइन किया गया है कि हर तरह के सामान को सुरक्षित रखा जा सके. इसमें छोटे (मोबाइल, पर्स), मध्यम (बैग), बड़े (ट्रॉली बैग) और XL (बड़े सूटकेस) साइज के लॉकर उपलब्ध होंगे. कुल 225 लॉकर लगाए जाएंगे, इस लॉकर सुविधा का संचालन पूरी तरह डिजिटल होगा. श्रद्धालु मोबाइल ऐप या डिजिटल माध्यम से लॉकर बुक कर सकेंगे और भुगतान भी ऑनलाइन कर पाएंगे. सुरक्षा के लिहाज से इन लॉकरों में आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा, जिससे सामान पूरी तरह सुरक्षित रहेगा.
पर्यटन और सुविधा दोनों को मिलेगा बढ़ावा
यह पहल न केवल श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक होगी, बल्कि वाराणसी के पर्यटन को भी बढ़ावा देगी. अक्सर लोग भीड़ और सामान की सुरक्षा को लेकर परेशान रहते थे, लेकिन अब इस समस्या का समाधान हो जाएगा. इससे शहर में आने वाले पर्यटकों का अनुभव बेहतर होगा. डिजिटल लॉकर की इस नई व्यवस्था के बाद श्रद्धालु अब बिना किसी चिंता के गंगा स्नान कर सकेंगे और बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर पाएंगे. यह कदम काशी को और अधिक स्मार्ट और सुविधाजनक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है.